अनोखा तीर, हरदा। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनाÓ अंतर्गत जिले में महिला सशक्त वाहिनी कक्षाएं संचालित की जा रही है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं योजना के तहत लॉकडाउन के बाद प्रारम्भ हुई बैच से ग्राम अबगांव खुर्द निवासी छात्रा कुमारी नीतू पिता बलदेव कुशवाह का चयन पुलिस आरक्षक के पद पर हुआ। पुलिस आरक्षक के पद पर चयनित होने पर नीतू बहुत खुश है। नीतू बताती हैं कि उनके पिता किसान है तथा उसकी माता गृहणी है। वह बताती है कि उसे महिला सशक्तवाहिनी की कक्षा से नि:शुल्क पुस्तकें एवं स्टेशनरी प्राप्त हुई है। नीतू ने अपनी लगन व मेहनत से प्रतिदिन 5-7 घंटे अध्ययन कर लिखित परीक्षा की तैयारी की। उन्हें सशक्तवाहिनी की कक्षा से नि:शुल्क लिखित परीक्षा की तैयारी व फिजिकल परीक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। नीतू कहती है कि वह अब अपने पैरों पर खड़ी हो गई है तथा अब वह अपने घर की जिम्मेदारी भी वहन कर सकेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत संचालित इन कक्षाओं में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण बालिकाओं को शासकीय सेवा में चयन हेतु लिखित परीक्षा के लिए सामान्य गणित, सामान्य विज्ञान, सामान्य अध्ययन एवं अन्य विषय की तैयारी कराई जाती है। साथ ही फिजिकल परीक्षा के लिए प्रशिक्षण हेतु गोला फेंक, दौड़ एवं लम्बी कूद आदि की तैयारी भी कराई जाती है।

