Skip to content
Thursday, 29 October 2026
हरदा

सेक्टर अधिकारी व पुलिस अधिकारी, स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान कराएं

2 min read
Text Size:

हरदा- त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभागार में संपन्न हुआ। इस दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने मतदान से पूर्व व मतदान के दौरान सेक्टर अधिकारियों के कर्तव्य और उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल ने प्रशिक्षण के दौरान पहुंच कर उपस्थित सेक्टर अधिकारियों को समझाइश दी कि स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान के लिए सभी आवश्यक उपाय करें।

कलेक्टर श्री गर्ग ने इस अवसर पर सेक्टर अधिकारियों से कहा कि मतदान से पूर्व अपने अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण अपने साथी पुलिस अधिकारी के साथ अवश्य कर लें। कोई भी समस्या हो तो उसके निराकरण के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों को बताएं, ताकि समय रहते समस्या का निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन अपने सेक्टर के सभी मतदान केंद्रों का सतत दौरा करें तथा सेक्टर के सभी पीठासीन अधिकारियों के संपर्क में रहें । मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया में कोई दिक्कत हो तो मदद करें। मतदान के दिन कोई भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और कंट्रोल रूम को भी उस घटना के बारे में बताएं। उन्होंने समझाइश दी के वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी रखें ताकि जरूरत पड़ने पर सीधे वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचित कर सकें।

पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि मतदान केंद्र पर यदि कोई चुनाव चिन्ह प्रदर्शित हो रहा है तो उसे तत्काल हटाए। उन्होंने कहा कि मतदान के निर्धारित समय 3 बजे तक मतदान केंद्र परिसर में प्रवेश कर चुके मतदाताओं को मतदान करने दें । इसके लिए अपरान्ह 3 बजे तक परिसर में आ चुके मतदाताओं को पर्ची वितरित कर दे । अपरान्ह 3 बजे के बाद किसी मतदाता को मतदान केंद्र परिसर में ना आने दे। उन्होंने कहा कि मतदान के तुरंत बाद मतगणना भी की जाना है अतः पुलिस अधिकारी व सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारियों को सहयोग करें ताकि वे भयमुक्त होकर मतदान व मतगणना की प्रक्रिया संपन्न करा सकें।

135 Views
What do you think?

Leave a Reply