Skip to content
Monday, 2 November 2026
हरदा

पीले चावल देकर वोटर्स को मतदान के लिए करेंगे आमंत्रित

3 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन-2022 के लिए मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए ‘मतदाता जागरुकता अभियान प्रारंभ किया जाएगा। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने बताया कि मतदाताओं को मतदान के लिए जागरुक करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमुख स्थानों पर दीवार लेखन किया जाएगा। इसके साथ ही विकासखण्ड हरदा, टिमरनी एवं खिरकिया के प्रमुख ग्रामीण क्षेत्रों में होर्डिंग एवं बैनर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के मतदान केन्द्र, समस्त शासकीय कार्यालय, बस स्टेण्ड, रेल्वे स्टेशन, पोस्ट ऑफिस, बैंक एवं एटीएम, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थाओं तथा शासकीय उचित मूल्य की दुकानों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चस्पा किए जाएंगे तथा पम्पलेट्स का वितरण किया जाएगा। कलेक्टर श्री गर्ग ने बताया कि 3 जून को ग्राम पंचायत स्तर पर मतदान कलश यात्रा एवं रैली का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 3 से 5 जून तक वृद्ध दिव्यांग, गर्भवती महिला एवं धात्री महिला मतदाताओं का चिन्हांकन कर उनकी काउंसलिंग की जाएगी। आगामी 6 जून को सभी विभाग प्रमुखों तथा कैम्पस एम्बेसेडर आदि की बैठक का आयोजन किया जाएगा।
महिला चौपाल का आयोजन
कलेक्टर श्री गर्ग ने बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं स्वसहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से महिला मतदाताओं की जागरूकता के लिए महिला चौपाल आयोजित कर मतदान के महत्व पर चर्चा की जाएगी। यह महिला चौपाल 6 एवं 15 जून को हरदा, 7 व 16 जून को टिमरनी तथा 8 व 17 जून को खिरकिया में आयोजित की जाएगी।
विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन
त्रि स्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत कैम्पस एम्बेसेडर, एनसीसी केडेट्स एवं एनएसएस के स्वयं सेवक के माध्यम से महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के लिए 10 जून को निबन्ध लेखन, पोस्टर, पेंटिंग का आयोजन किया जाएगा। साथ ही महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के माध्यम से 13 जून को वाद-विवाद व युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विभिन्न क्षेत्रों में बनाई जाएगी मानव श्रृंखला
त्रि स्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत शैक्षणिक व तकनीकी संस्थाओं के कैम्पस एम्बेसेडर, विद्यार्थियों, विभिन्न एसोशिएशन के पदाधिकारी, एनसीसी व राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों के माध्यम से मानव श्रृंखला बनाकर, सायकिल रैली व मैराथन दौड़ आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पंचायत सचिवों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व आशा कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी रहेंगी। यह कार्यक्रम 14 जून को हंडिया, 15 को रहटगांव व 16 को मोरगढ़ी में आयोजित होगा।
पीले चावल देकर आमंत्रित करेंगे
पंचायत निर्वाचन के लिए 25 जून को मतदान संपन्न होगा, इससे पूर्व पंचायत सचिव, आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ता 22 व 23 जून को अपने क्षेत्र के मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदाताओं को पीले चावल देकर आमंत्रित करेंगे। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में कोटवार के माध्यम से मतदान की तिथि बताकर मतदान के लिए ग्रामीणों को आमंत्रित किया जाएगा।

390 Views
What do you think?

Leave a Reply