Skip to content
Saturday, 24 October 2026
हरदा

पंचायत निर्वाचन के सम्बंध में अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

2 min read
Text Size:


हरदा-
शनिवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि गर्ग की उपस्थिति में पंचायत निर्वाचन के लिए नियुक्त अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राम कुमार शर्मा, अपर कलेक्टर जे. पी. सैयाम और तीनों एसडीएम भी मौजूद थे। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा उपस्थित अधिकारियों को पंचायत चुनाव प्रक्रिया की बारीकियां समझाईं गईं।
प्रशिक्षण में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गर्ग ने निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पूर्णतः निष्पक्ष रहकर सभी कार्यवाही करें। सभी अधिकारी आदर्श आचरण संहिता का सख्ती से पालन करें तथा मुख्यालय पर ही रहें और बिना अनुमति के मुख्यालय न छोड़े। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को पंचायत निर्वाचन के दौरान नाम निर्देशन पत्र जमा करने, नाम वापसी तथा नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा करते समय रखी जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि पंचायत निर्वाचन में अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु संवीक्षा के दिन कम से कम 21 वर्ष होना चाहिए। ट्रेनिंग के दौरान उपस्थित अधिकारियों को जोनल अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारियों के कर्तव्य व अधिकारों के बारे में बताया गया। उपस्थित अधिकारियों को बताया गया कि सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट को मतदान से दो-तीन दिन पूर्व सेक्टर के सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर लेना चाहिए। साथ ही मतदान के दिन भी सेक्टर अधिकारी व जोनल मजिस्ट्रेट को अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का सतत दौरा करते रहना चाहिए तथा क्षेत्र के पीठासीन अधिकारियों के लगातार संपर्क में रहना चाहिए ताकि यदि पीठासीन अधिकारी को मतदान प्रक्रिया में कोई समस्या है तो उसका तत्काल निराकरण किया जा सके।

227 Views
What do you think?

Leave a Reply