-खिलाड़ियों ने घर-घर तिरंगा फहराने का लिया संकल्प
-तिरंगा रैली में गूंजे भारत माता और वंदे मातरम् के जयघोष

अनोखा तीर, हरदा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सोमवार को स्थानीय नेहरू स्टेडियम से तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में फुटबॉल, हॉकी, खो-खो, पुलिस भर्ती क्लब, कबड्डी, वॉलीबॉल एवं क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान ने बताया कि रैली का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी रामनिवास जाट, ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान एवं खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक भूपेंद्र सिंह तोमर ने किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम, हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा रैली नेहरू स्टेडियम गेट नंबर-4 से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक, सनफ्लॉवर स्कूल, वीर तेजाजी चौक, बलराम चौक, नायरा पेट्रोल पंप से होकर नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर-1 पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में हॉकी कोच संदीप सौदे, फुटबाल कोच अजय पुरवइया, कोच अभिषेक राजपूत, खो कोच सुपलक उइके, इमरान खान, एथेलेटिक्स कोच राजेश जाट सहित खिलाड़ी व नागरिकजन उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से खिलाड़ियों ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। खिलाड़ियों में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, हरदा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं खिलाड़ियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और नागरिकों में देशभक्ति की भावना जगाना है।



