अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर विभिन्न विभागों के समन्वय से नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खेल, संगीत, योग एवं शपथ कार्यक्रमों का आयोजन कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से 100 मीटर दौड़ एवं फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्य एवं फिटनेस का संदेश दिया गया। वहीं श्री शारदा एकेडमी हरदा में युवाओं के मध्य संगीत कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय प्रजापिता संस्थान से बीके किरण दीदी एवं बीके राजेश ने योग एवं मेडिटेशन के माध्यम से उपस्थितजनों को नशा न करने की शपथ दिलाई तथा नशामुक्त जीवन के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए घातक सिद्ध होता है। कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों एवं युवाओं ने नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। खेल, संगीत एवं मेडिटेशन कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों, कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं को विभाग द्वारा प्रमाण-पत्र, नशा मुक्ति संदेशयुक्त कैप एवं ट्रॉफियां वितरित की गईं। जागरूकता अभियान में उपसंचालक सामाजिक न्याय कमलेश सिंह, मास्टर ट्रेनर संकेत श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड-3 मयंक काले, प्रशासनिक अधिकारी अभिषेक साहू, सहायक ग्रेड-3, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग से मास्टर ट्रेनर सलमा खान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पैरालीगल वॉलंटियर सुरेंद्र कौर, योग गुरु राधेश्याम गौर, हॉकी कोच संदीप सौदे, फुटबॉल कोच इमरान खान, अजय पुरवइया, श्री शारदे म्यूजिक अकैडमी से संगीत शिक्षिका लवीना काले, अजय कुशवाहा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
———————–

