अनोखा तीर, हरदा। कुर्मी क्षत्रिय गौर समाज संगठन जिला हरदा के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा समिति द्वारा शनिवार को कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं उनके पालकों ने सहभागिता कर शिक्षा और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ स्तंभ आर.एस. गौर, समाज के जिला अध्यक्ष एन.पी. गौर, समिति अध्यक्ष जीआर गौर, डॉ. राजीव खरे, जीवन गौर, हेमंत गौर, नितिन गौर एवं संदीप गौर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण एवं निरंतर परिश्रम का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि केवल नौकरी प्राप्त करना ही सफलता का अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी अवसर तलाशने चाहिए। वक्ताओं ने छात्रों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास तथा आधुनिक दौर में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के संबंध में उपयोगी मार्गदर्शन दिया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, सकारात्मक सोच और कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अन्य वक्ताओं ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए छात्रों को अपने माता-पिता और गुरुओं के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं पालकों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जीपी गौर एवं अरुण गौर ने किया।
——————————

