अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव एवं अधिवक्ता नेहा चावरे ने अपने प्रभार क्षेत्र हरदा में जिला कांग्रेस कार्यालय पर संगठनात्मक बैठक लेकर महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया। बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए नेहा चावरे ने कहा कि महिला कांग्रेस संगठन की रीढ़ है और महिलाओं की सयि भागीदारी के बिना संगठन को मजबूत नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त करने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की मजबूती, महिला कांग्रेस की जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महासचिव ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी सौंपीं। नेहा चावरे ने कहा कि महिला कांग्रेस समाज के हर वर्ग की महिलाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड लिखकर महिला आरक्षण लागू करने की मांग उठाई। महिलाओं को आरक्षण लागू करो, आज करो, अभी करो के नारे लगाते हुए जिला अध्यक्ष मोहन सांई, सुप्रिया पटेल, प्रमिला सिंह ठाकुर, रानू पटेल, नमिता पिपर्दे, सोनम धामा, सुषमा बिल्लौरे, गोविंद व्यास सहित महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च निकाला और पोस्ट ऑफिस पहुंचकर पोस्टकार्ड जमा किए। बैठक में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
——————-

