डिलीवरी बॉय बनकर कर रहे थे नशीली गोलियों की सप्लाई, चार आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, खंडवा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवा अल्प्राजोलम की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 1600 अल्प्राजोलम टैबलेट, दो इलेक्ट्रिक स्कूटर, चार मोबाइल फोन एवं नकदी जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 30 मई की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे ब्रिज के नीचे कब्रिस्तान के पास दो युवक नशीली गोलियां बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर मो. रईस 32 निवासी हातमपुरा एवं शेख साहिल 25 निवासी छीपा कॉलोनी को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके कब्जे से 100 अल्प्राजोलम टैबलेट, एक इलेक्ट्रिक स्कूटर, दो मोबाइल फोन और एक हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शहर में डिलीवरी बॉय की तरह नशीली गोलियों की सप्लाई करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बुरहानपुर में कार्रवाई कर फारिस 40 निवासी लालबाग एवं सुभाष महाजन 60 निवासी सिकरपुरा को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1500 अल्प्राजोलम टैबलेट, एक इलेक्ट्रिक स्कूटर और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस ने कुल 1600 अल्प्राजोलम टैबलेट सहित करीब 1.24 लाख रुपए मूल्य का मशरूका बरामद किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण आर्य, प्रधान आरक्षक इरशाद अली तथा आरक्षक राहुल, आलेश, अरविंद तोमर, पंकज साहू, रूपेश बावने, अभिषेक सन्यास, हेमंत सपकाले, रविंद्र सोलंकी एवं बलवंत राठौर की सराहनीय भूमिका रही।
—————————–

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!