अनोखा तीर, हरदा। नार्मदीय ब्राह्मण समाज धर्मशाला, हरदा में रविवार शाम नार्मदीय सेवा न्यास, महेश्वर द्वारा ‘अपनी बात समाज के साथÓ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में न्यास की गतिविधियों, समाजहित में किए गए कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी समाजजनों के साथ साझा की गई। न्यास के अध्यक्ष मुकेश गार्गव ने बताया कि संस्था के गठन के बाद पिछले छह वर्षों में 77 से अधिक जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सहायता के रूप में कुल 18 लाख 47 हजार रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि देशभर में रहने वाले नार्मदीय ब्राह्मण समाज के आर्थिक रूप से कमजोर सदस्य स्थानीय इकाई के अध्यक्ष अथवा ट्रस्टी की अनुशंसा पर सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद न्यास की समिति द्वारा समीक्षा कर सहमति बनने पर 24 घंटे के भीतर संबंधित परिवार को चेक अथवा आरटीजीएस के माध्यम से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के दौरान 17 नए ट्रस्टियों को नियुक्त किया गया। अतिथियों ने उन्हें बैज लगाकर सम्मानित किया तथा समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर बताया गया कि पिछले छह वर्षों में संस्था से 485 ट्रस्टी जुड़ चुके हैं, जो समाजहित के कार्यों में योगदान दे रहे हैं। अखिल भारतीय नार्मदीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष राजेश बड़ोले ने कहा कि कोरोना काल के दौरान भी न्यास ने जरूरतमंद एवं प्रभावित परिवारों की सहायता की थी। उन्होंने समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जानकारी दी कि खंडवा स्थित नार्मदीय छात्र सहायता संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है तथा समाज के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता उपलब्ध करा रहा है। कार्यक्रम में समाज के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
——————————

