अनोखा तीर, हरदा। थाना सिविल लाइन पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार थाना सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम में 19 वर्षीय छात्रा की रिपोर्ट पर एक युवक के विरुद्ध दुष्कर्म एवं धमकी देने का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर बार-बार दुष्कर्म किया। प्रकरण का अनुसंधान थाना सिविल लाइन हरदा को प्राप्त हुआ था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आर.एस. तिवारी के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता एवं अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक मकान में आरोपी की घेराबंदी की। परिजनों ने आरोपी के घर में नहीं होने की जानकारी दी, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर घर की बारीकी से तलाशी ली गई। इसी दौरान लाइट बंद होने और दीवान पलंग के अंदर से सांस लेने की आवाज आने पर पुलिस ने पलंग खोलकर देखा, जहां आरोपी छिपा हुआ मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक एवं चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी आर.एस. तिवारी, उप निरीक्षक संदीप यादव, प्रधान आरक्षक महेश शर्मा, उमेश पवार, आरक्षक वीरेंद्र सिंह राजपूत तथा संतोष ओझा की भूमिका सराहनीय रही।
—————————

