चारधाम यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-कठिन और रोमांचक यात्रा पूरी कर लौटे भक्तों ने क्षेत्र की खुशहाली की कामना की

अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सहित आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन दिनों बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की चारधाम यात्रा पर जा रहे हैं। यात्रा पूरी कर लौट रहे श्रद्धालुओं का गांव में परिवारजनों एवं ग्रामीणों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को भी एक जत्था चारधाम यात्रा से वापस गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। यात्रा से लौटे श्रद्धालु मनीष राठी ने बताया कि क्षेत्र में धर्म और आस्था के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। इसी कारण चारों धामों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंच रहे हैं। यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व की अपेक्षा व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है, लेकिन चारधाम यात्रा आज भी काफी संघर्षपूर्ण और चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। श्रद्धालुओं के अनुसार यात्रा के दौरान लगभग एक हजार किलोमीटर तक पहाड़ी एवं जंगलों के रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। कई स्थानों पर एक ओर ऊंचे पहाड़ और दूसरी ओर गहरी खाइयां एवं तेज बहाव वाली नदियां हैं। मार्ग में लंबे समय तक जाम की स्थिति भी बनी रहती है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि यमुनोत्री धाम में करीब सात किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पैदल, घोड़े या पालकी से तय करनी पड़ती है। वहीं केदारनाथ धाम की यात्रा भी बेहद कठिन मानी जाती है, जहां लगभग 24 किलोमीटर का दुर्गम मार्ग पैदल, घोड़े अथवा पालकी के माध्यम से तय किया जाता है। अधिकांश श्रद्धालु इन साधनों का उपयोग कर यात्रा पूरी करते हैं। चारधाम यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी वर्षा की कामना करते हुए भगवान से सभी के मंगल की प्रार्थना की। इस अवसर पर मुकेश बंग, भरत लाहोटी, सीमा साबू, ममता बंग, गीतिका लाहोटी, प्रमोद साबू, शैलेश साबू, भरत माहेश्वरी, तुलाराम भाटी, केशव साबू एवं राघव साबू सहित अनेक ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनका सम्मान किया।
—————————

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!