किसानों को उर्वरक के अग्रिम उठाव के लिए प्रेरित करें

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-सभी सहकारी समितियों में उर्वरक का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध रहे
-मानसून के पूर्व नदी-नालों की सफाई हो, जीर्ण-शीर्ण भवन गिराए जाएं : कलेक्टर

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने आगामी खरीफ सीजन हेतु उर्वरक के अग्रिम उठाव के लिए किसानों को अभी से प्रेरित किए जाने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी सहकारी समितियों में उर्वरक का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध रहे। जिले के दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों की समितियों में पर्याप्त उर्वरक भंडारित कराया जाए। सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि मानसून आने के पूर्व ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां कर ली जाएं। शहरी बस्तियों के अंदर नदी-नालों की सफाई की जाए। इसके साथ ही जीर्ण-शीर्ण मकानों को चिन्हित कर उनको गिराया जाए। सभी नगरीय क्षेत्रों में अधिक से अधिक रूफ वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं तैयार करवाई जाएं। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि टिमरनी में बस स्टैंड पर ही सवारी बस रुकें, जिला परिवहन अधिकारी द्वारा यह सुनिश्चित किया जाए। नगरीय क्षेत्रों में बगैर भवन अनुज्ञा के कोई भवन का निर्माण न हो, इसके लिए भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी जिम्मेदार रहें। आंगनवाड़ी केन्द्रों के परिसर में बनाई गई पोषण वाटिकाओं में रोपे गए पौधों में पानी देने की व्यवस्था करने के लिए भी सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को निर्देश दिए गए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, राजस्व विभाग एवं जल गंगा संवर्धन अभियान की भी समीक्षा की गई। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय, एसडीएम हरदा अशोक कुमार डेहरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव कुमार नागू सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
————————–

0 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!