अनोखा तीर, हरदा। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल, हरदा में बसंत उत्सव श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक वातावरण के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्या, बुद्धि और कला की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजन कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों ने भी भाग लिया और माँ सरस्वती से ज्ञान, विवेक और सफलता का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा के दौरान विद्यार्थियों ने माँ सरस्वती के वाद्य यंत्रों की भी विशेष पूजा की, जिससे बच्चों में संगीत, कला एवं संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित हुई। बसंत उत्सव के अंतर्गत विद्यालय में येलो डे सेलिब्रेशन का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चे पीले वस्त्र धारण कर विद्यालय पहुंचे और पीले फलों का भोग माँ सरस्वती को अर्पित किया गया। कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाते हुए बच्चे सनफ्लावर और आम के रूप में सजे-धजे नजर आए, जिससे पूरे परिसर में बसंत ऋतु की छटा बिखर गई। विद्यालय परिसर पीले रंग की सजावट, बच्चों की मुस्कान और भक्ति-भाव से सराबोर रहा। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, पर्वों के महत्व एवं संस्कारों को आत्मसात कराना था। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बच्चों को बसंत पंचमी के महत्व के बारे में बताया और माँ सरस्वती से सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बसंत उत्सव का यह आयोजन विद्यालय में आनंद, उल्लास और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने सभी को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी।

Views Today: 2
Total Views: 88

