सरस्वती विद्या मंदिर में बसंत पंचमी पर हुआ विद्यारंभ संस्कार  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। बसंत पंचमी का दिन सरस्वती विद्या मंदिर, हरदा के लिए नई उम्मीदों और नई शुरुआत का साक्षी बना। विद्यालय परिसर में आयोजित विद्यारंभ संस्कार के माध्यम से न केवल ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना की गई, बल्कि 50 से अधिक बच्चों के जीवन में अक्षर ज्ञान का शुभारंभ भी हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पावन हवन के साथ की गई। मुख्य अतिथि मनोज परासर के सानिध्य में पालकों एवं बच्चों ने यज्ञ में आहुति देकर ज्ञान की ज्योति प्रज्वलित की। मनोज परासर ने अपने उद्बोधन में कहा कि आधुनिक युग में भी भारतीय संस्कारों की प्रासंगिकता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विद्या वह धन है जो बांटने से बढ़ता है और इसकी नींव संस्कारों पर ही रखी जानी चाहिए। समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब मुख्य अतिथि एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन में नन्हे बच्चों ने पहली बार कलम पकड़कर अक्षर उकेरे। विद्यारंभ संस्कार का यह दृश्य प्राचीन गुरुकुल परंपरा की स्मृति को जीवंत करता नजर आया। इस गरिमामयी आयोजन में विद्यालय की प्रबंध समिति एवं नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रबंधक संदीप केकरे ने पालकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्राचार्य देवानंद सोनार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उप प्राचार्य आर.डी. राजपूत द्वारा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया गया। विद्यालय की इस पहल की पालकों द्वारा सराहना की गई। उनका कहना था कि यह आयोजन बच्चों को औपचारिक शिक्षा से पूर्व अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने का सार्थक प्रयास है।

94 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!