एसडीएम अपने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता के लिए सजग रहें

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-फील्ड का सतत भ्रमण कर विभिन्न विभागों के कार्य भी देखें
-सभी छात्रावासों की पेयजल टंकियों की सफाई की जांच की जाए – कलेक्टर
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले के सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा है कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्र का लगातार भ्रमण करें एवं विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को जिले की सभी सड़कें दुरूस्त रखे जाने के लिये भी ताकीद किया है। उन्होंने कहा है कि खराब सड़कें आमजन के स्वास्थ्य को प्रभावित करती हैं। साथ ही वाहनों की सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम भरी रहती हैं। उन्होने जिले के सभी छात्रावासों की पेयजल टंकियों की सफाई की जांच के लिए भी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। सोमवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अवैध माइनिंग के खिलाफ भी सख्ती से निपटने के प्रशासनिक एवं माइनिंग अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होने कहा कि अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के मामलों में सख्ती से प्रकरण बनाये जाएं। बैठक में आंगनवाड़ियों में पोषण वाटिका तैयार करने का कार्य उत्तम गुणवत्ता के साथ करने हेतु भी कलेक्टर द्वारा विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होने कहा कि आंगनवाड़ी भवनों के शौचालय निर्माण भी अच्छी निर्माण गुणवत्ता के साथ किए जाएं। कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय भवनों में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने के भी बैठक में निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिये गये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में श्रेष्ठ प्रदर्शन किये जाने पर उनकी सराहना भी की गई। सिविल लाइन क्षेत्र में नगर पालिका के फालतू बह रहे पानी को रोकने के उपाय करने के भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि अविवादित नामांतरण के मामले 30 दिन के भितर निराकृत किए जाएं। अनावश्यक प्रकरणों को लंबिन न रखा जाए। इस दौरान सीमांकन, बंटवारा, अभिलेख दुरूस्ती, राजस्व वसूली एवं सायबर तहसील में दर्ज प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। साथ ही विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लक्ष्यानुरूप प्रगति लाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय व सुश्री रजनी वर्मा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

92 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!