अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार के अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग के केन्द्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने सोमवार को नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद खेल महोत्सव के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया, पूर्व मंत्री कमल पटेल, जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष टिमरनी देवेन्द्र भारद्वाज, पूर्व विधायक संजय शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष संदीप पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व खिलाड़ी उपस्थित रहे।
खेल समन्वयक सलमा खान ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन दिसंबर माह में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर आयोजित किया गया था, जिसमें व्यक्तिगत एवं समूह खेल खो खो, कबड्डी, रस्साकशी, एथेलेटिक्स, वॉलीबॉल, कुश्ती, योग, बैडमिंटन हॉकी, फुटबाल, क्रिकेट, पिट्टू खेलों का आयोजन किया गया। संसदीय क्षेत्र बैतूल में आयोजित सभी खेलों में हरदा टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें से कबड्डी बालिका वर्ग, खो खो बालिका, फुटबाल बालिका वर्ग प्रथम स्थान, फुटबाल बालिका वर्ग, कुश्ती बालिका 50 किग्रा, रस्साकसी पुरुष प्रथम स्थान, कुश्ती 86 किग्रा पुरुष वर्ग, कुश्ती 85 किग्रा ग्राम पुरुष वर्ग, बैडमिंटन पुरुष वर्ग सिंगल्स एवं डबल्स, योग बालक वर्ग तथा एथेलेटिक्स 200 मीटर में प्रथम स्थान तथा हाकी पुरुष वर्ग तथा कुश्ती 65 किग्रा पुरुष में द्वितीय स्थान प्राप्त कर खिलाड़ियों ने जिले का नाम रोशन किया।

