जनभागीदारी समिति की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, टिमरनी। नगर के शासकीय स्नातक महाविद्यालय से जुड़ी जनभागीदारी समिति के कार्यों एवं निर्णयों को लेकर गंभीर विषय सामने आए हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष जितेन्द्र सोनकिया द्वारा जिला कलेक्टर को एक औपचारिक पत्र सौंपकर जनभागीदारी समिति की बैठक शीघ्र आयोजित किए जाने की मांग की गई है। प्रेस को जारी जानकारी में जितेन्द्र सोनकिया ने बताया कि महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास एवं छात्र हितों के लिए जनभागीदारी समिति की बैठक अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बैठक में स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ किए जाने हेतु प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने की मांग की। साथ ही पीजी डिप्लोमा, कंप्यूटर कोर्स एवं अन्य नए पाठ्यक्रम प्रारंभ करने को लेकर भी प्रस्ताव लिए जाने की बात कही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में छात्र-छात्राओं से लिए जाने वाले जनभागीदारी शुल्क में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की जानी चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। इसके अलावा उन्होंने विगत वर्षों से जनभागीदारी समिति के अंतर्गत अध्यापन कार्य कर रहे शिक्षकों के वेतन में पाई जा रही विसंगतियों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही आवश्यकता न होने के बावजूद जनभागीदारी समिति के माध्यम से की गई अतिरिक्त नियुक्तियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं की शुल्क राशि का दुरुपयोग हो रहा है, जिसकी जांच आवश्यक है। जितेन्द्र सोनकिया ने प्रशासन से आग्रह किया है कि छात्रों, शिक्षकों एवं महाविद्यालय के समग्र हितों को ध्यान में रखते हुए जनभागीदारी समिति की बैठक शीघ्र आयोजित कर पारदर्शी एवं जनहितकारी निर्णय लिए जाएं।

101 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!