-शहर के जयशक्ति होम में चल रही श्रीमदभागवत कथा
अनोखा तीर, हरदा। शहर के जयशक्ति होम में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में प्रसिद्व कथावाचक पंडित ललित किशोर दाधिच ने मंगलवार को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया। कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने माटी खाकर यह संदेश दिया कि अपनी मिट्टी के प्रति वफादार रहो। साथ ही यह संदेश भी दिया कि मानव जीवन में गौसेवा का खासा महत्व है। घर में गौसेवा से सुख, समृद्वि और वैभव की प्राप्ति होती है। पंडित दाधिच ने कहा कि पहले गौमाता घर के अंदर हुआ करती थी और श्वान घर से बाहर होता था। लेकिन, अब श्वान घर के अंदर और गौमाता सड़क पर विचरण कर रही हैं। उन्होंनें कहा जिस घर में गऊ और बहू का सम्मान नहीं होता है, वह घर नर्क के समान माना गया है। इसलिये जरूरी है कि गौसेवा करें। पितरों की पुण्यतिथि तथा बच्चों के जन्मदिवस के मौके पर गौ ग्रास जरूर निकालें। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में महिला एवं पुरूष मौजूद थे। आयोजन समिति से जुड़े अंकित चोयल ने बताया कि जयशक्ति होम में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक नानी बाई का मायरा तथा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे श्रीमद भागवत कथा चल रही है। इसके अलावा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से कथा स्थल पर 30000 रुद्राक्ष के शिवलिंग का महा अभिषेक जारी है। अंतिम दिन यही रूद्राक्ष भक्तगणों में वितरण किया जाएगा।

