Skip to content
Thursday, 22 October 2026
खंडवा

सांसद-विधायक ने किसान प्रतिनिधियों की मुख्यमंत्री से कराई मुलाकात

2 min read
Text Size:

-समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

अनोखा तीर, खंडवा। ग्राम टिगरिया में हाल ही में किसानों द्वारा फसलों से संबंधित समस्याओं को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन के बाद, किसानों की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए सांसद और विधायकों ने 25 नवंबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव से भोपाल में मुलाकात की। किसानों की प्रमुख मांगों में प्याज और मक्का का उचित समर्थन मूल्य तय करना तथा सोयाबीन फसल की राहत राशि प्रदान करना शामिल था। समाजसेवी और प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान सांसद और विधायक टिगरिया पहुंचे थे और किसानों को आश्वस्त किया था कि उनकी जायज मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी रूप से रखा जाएगा। समयाभाव के कारण मुलाकात में कुछ विलंब हुआ, लेकिन 25 नवंबर को मुख्यमंत्री से मिलने का समय तय हुआ। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे, पंधाना विधायक छाया मोरे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, संभागीय प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर के नेतृत्व में 20 किसानों का प्रतिनिधिमंडल वल्लभ भवन पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में जय पटेल, सुभाष पटेल, रविंद्र पाटीदार, आशीष बरोले, शैलेंद्र पवार, जगन पटेल, नरेंद्र पटेल, गोपाल सिंह, जितेंद्र पटेल सहित अन्य किसान शामिल रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किसानों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए कहा कि प्याज, सोयाबीन और मक्का से सम्बंधित मुद्दों पर अधिकारियों के साथ बैठक कर त्वरित समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देते हुए किसानों को समस्या के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद किसानों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों को गंभीरता से सुना गया है और उन्हें विश्वास है कि समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

210 Views
What do you think?

Leave a Reply