Skip to content
Tuesday, 20 October 2026
सभी

जल संसाधन विभाग में अफसरों की कमी से जल वितरण व्यवस्था पर संकट

3 min read
Text Size:

-सोनम बाजपेई टिमरनी का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी
अनोखा तीर, मसनगांव। जल संसाधन विभाग हरदा डिविजन में अधिकारियों की कमी से नहरों में पानी वितरण की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। विभाग में फिलहाल सोनम बाजपेई को हरदा की कार्यपालन यंत्री नियुक्त किया गया है। पूर्व कार्यपालन यंत्री डी.के. सिंह के स्थानांतरण के बाद यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। वर्तमान में सोनम बाजपेई के पास टिमरनी का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। विभाग में एक ही एसडीओ और तीन सब-इंजीनियरों के भरोसे चार सब-डिवीजन की जिम्मेदारी है। माचक सब डिवीजन के एसडीओ निशोद के स्थानांतरण के बाद अब हरदा डिवीजन में एसडीओ मौसम पोर्ते के पास सामरधा और रेवापुर संथा की जिम्मेदारी है, जबकि प्रभारी एसडीओ रोहन विलियम्स सोनतलाई और माचक की देखरेख कर रहे हैं। सब इंजीनियर कमलेश काजले सामरधा व रेवापुर तथा प्रेमिक पाटील सोनतलाई व माचक इन सब डिवीजनों की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। पूर्व में एक सब-डिवीजन में तीन सब इंजीनियर, एक एसडीओ और तीन टाइम कीपर होते थे, लेकिन अब अधिकांश पद रिक्त हैं। इससे नहरों की सफाई, खुदाई और टेल एरिया तक पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सीमित स्टाफ पर आ गई है। सोनतलाई सब डिवीजन में 11,446 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होता है, जिसमें मसनगांव संथा की 1,399 हेक्टेयर और खमलाय संथा की 2,147 हेक्टेयर भूमि शामिल है। पिछले एक वर्ष से यहां सब इंजीनियर के पास ही एसडीओ का प्रभार है, जिन पर गहाल हेड से लेकर झांझरी माइनर तक पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी है। अब माचक सब डिवीजन का अतिरिक्त प्रभार मिलने से उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। किसानों का कहना है कि आने वाले दिनों में रबी सीजन के लिए नहर में पानी की मांग बढ़ेगी, ऐसे में नहरों की सफाई और गाद निकालने का कार्य तुरंत शुरू किया जाना चाहिए। पिछले वर्ष सफाई में देरी के कारण टेल एरिया तक पानी पहुंचाने में काफी परेशानी हुई थी।
मनरेगा से हटाया गया सफाई कार्य
पहले ग्राम पंचायतों के माध्यम से मनरेगा से नहरों की सफाई कराई जाती थी, लेकिन पिछले वर्ष से यह कार्य बंद होने के बाद पूरी जिम्मेदारी जल संसाधन विभाग पर आ गई है। अधिक वर्षा के कारण नहरों में घास और झाड़ियां उग आई हैं, जिससे छोटी शाखाओं तक पानी पहुंचाने में दिक्कत हो सकती है। किसानों ने विभाग से मांग की है कि नहरों की सफाई शीघ्र कराई जाए तथा हरदा सब डिविजन में आवश्यक अधिकारियों की नियुक्ति कर जल वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।

213 Views
What do you think?

Leave a Reply