-आम किसान यूनियन ने निकाली ट्रैक्टर रैली
अनोखा तीर, हरदा। आम किसान यूनियन द्वारा अपनी मांगों को लेकर जिले के प्रत्येक पंचायत स्तर पर ट्रैक्टर रैली और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत अबगांव खुर्द में विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली गई और ग्राम पंचायत सचिव मनीष व्यास तथा ग्राम पटवारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आम किसान यूनियन ने प्रमुख मांगें रखीं।
-अतिवृष्टि, कीट और वायरस से नष्ट हुई फसलों का तत्काल सर्वे कर किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाए और नष्ट हुई फसल की जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि किसान बीमा का लाभ प्राप्त कर सकें।
-वर्तमान में लागू की गई भावांतर योजना को तुरंत बंद कर समस्त फसलों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाए।
-वर्ष 2018 के भावांतर की बकाया राशि जल्द से जल्द किसानों को प्रदान की जाए।
-रासायनिक उर्वरक डीएपी और यूरिया की उपलब्धता प्रत्येक पंचायत स्तर पर सुनिश्चित की जाए।
-बेसहारा मवेशियों से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और सड़कों पर दुर्घटनाएं हो रही हैं, उनका उचित प्रबंधन गौशालाओं में किया जाए।
-प्रत्येक खेतों के रास्तों का उचित रख-रखाव किया जाए।
ग्राम अबगांव खुर्द के किसान सुनील गोल्या ने कहा कि वर्तमान भावांतर योजना किसानों के साथ छलावा है और इससे केवल व्यापारियों और बिचौलियों को लाभ हो रहा है। किसान श्याम चोयल ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य सरकार द्वारा घोषित है, फिर किसानों को इसका लाभ क्यों नहीं मिलता। आम किसान यूनियन अब तक जिले की 10 ग्राम पंचायतों में ट्रैक्टर रैली और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। आगामी दिनों में जिले की सभी पंचायतों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों को लेकर कोई कदम नहीं उठाती है, तो जिला स्तर और राजधानी स्तर पर विशाल और अनिश्चितकालीन प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मध्य प्रदेश सरकार की होगी। इस अवसर पर किसान कैलाश गोल्या, हरनाथ चोयल, हरलाल बेनीवाल, द्वारका गुर्जर, मनमोहन कुशवाह, दीपक कुशवाह, अंकित चोयल सहित अन्य उपस्थित रहे।
Views Today: 6
Total Views: 308

