अनोखा तीर, हंडिया। पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम बिछौला में वाहन साइड को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों के बीच स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के निवास पर जाकर जमकर मारपीट की। हण्डिया पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रथक-प्रथक धाराओं में अपराध पंजीकृत कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी सूरजभान मौर्य अपनी पत्नी रेणुका और पुत्री श्रीनिता के साथ रात लगभग 08.45 बजे टाटा हेरिटेज कार से ग्राम बिछौला जा रहे थे। तभी स्कार्पियो वाहन द्वारा उनकी कार से टक्कर मार दी गई। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। अभिषेक, मनोज, सोहन और शुभम ने गाली-गलौज और धमकी दी। बाद में रामनिवास, मुकेश, संदीप, सोहन और मोहन ने मारपीट की। इस झड़प में रेणुका का पर्स फट गया, जिसमें 2,50,000 रुपये नकद और सोने के गहने गिर गए। इसके बाद जब समझाइश के लिए रामनिवास जाट के निवास पर पहुँचे, तो वहां मौजूद रामनिवास, मुकेश, अभिषेक, शुभम, संदीप, मोहन, सोहन, अशोक और दीपक ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। इस हमले में राकेश, चंद्रपाल, नारायण और सूरजभान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घटनाओं के संबंध में विभिन्न धाराओं में अलग-अलग अपराध पंजीकृत किए हैं और जांच जारी है।
Views Today: 2
Total Views: 454

