खराब सड़कें बनेंगी झांकी में बाधा, ग्रामीणों ने मरम्मत की मांग की

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, मसनगांव। नवरात्रि के अंतिम दिन निकलने वाली माता की शोभा यात्रा में गांव की खराब सड़कों के कारण बाधा उत्पन्न होने की संभावना है। बारिश के चलते अधिकांश सड़कें खराब पड़ी हैं। नल जल योजना के लिए बिछाई गई पाइपलाइन की नालियों से बाहर निकली सीमेंट और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण सड़कें दलदल जैसी हो गई हैं। मुख्य मार्ग होली चौक से लेकर रजत नायरे के घर तक और राजस्थानी राधा-कृष्ण मंदिर से पनघट वाले कुएं तक सड़क की खराब हालत के कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। शोभा यात्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली से निकाली जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने पहले भी पंचायत से सड़क निर्माण की मांग की थी, लेकिन ध्यान न दिए जाने के कारण स्थिति और खराब हो गई। मुख्य मार्ग के अलावा अन्य गलियों में भी सड़कों की खराब स्थिति के कारण दोपहिया वाहन और पैदल आवागमन मुश्किल हो गया है। जोशी कॉलोनी में कई स्थानों पर कीचड़ जमा होने से लोग पैदल निकल नहीं पा रहे हैं। ग्रामीण राधेश्याम पाटिल और राजू कहार ने बताया कि पंचायत द्वारा पहले कुछ जगहों पर मुरम डाली गई थी, जिससे कीचड़ और बढ़ गया। बाद में कुछ स्थानों पर चुरी डालकर मार्ग थोड़ी हद तक सुगम बनाया गया, लेकिन सीसी सड़क न होने के कारण बारिश के दिनों में समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिला पंचायत से अनुरोध किया है कि गांव की सभी टूटी-फूटी सड़कों की मरम्मत कर नई सड़क बनाई जाए, ताकि आगामी शोभा यात्रा और दैनिक आवागमन सुगम हो सके।

Views Today: 2

Total Views: 290

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!