अनोखा तीर, सोडलपुर। क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से प्रतीक्षित सौताड़ा से सोडलपुर मार्ग के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। 5.50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर लगभग 7 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत आएगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति दिलाने में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संजय शाह की सक्रिय भूमिका रही। गौरतलब है कि पूर्व विधायक संजय शाह ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से विशेष मुलाकात कर इस मार्ग की उपयोगिता और ग्रामीण अंचलों की आवागमन समस्या का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया था। 5 जून 2024 को लिखे गए पत्र में उन्होंने सोडलपुर से सौताड़ा मार्ग तथा सौताड़ा तहसील रहटगांव, ज़िला हरदा अंतर्गत नाले से संलग्न पीडब्ल्यूडी रोड पर दीवार और पुल निर्माण की स्वीकृति का आग्रह किया था। पत्र में किसानों की उपज के परिवहन, ग्रामीण संपर्क और बरसात के दौरान आवागमन की कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए शीघ्र स्वीकृति की मांग की गई थी। अब शासन से स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन सुगम होगा और किसानों को अपनी उपज समय पर मंडियों तक पहुँचाने में सुविधा होगी। स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय पर प्रसन्नता जताते हुए पूर्व विधायक संजय शाह का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह कदम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस स्वीकृति पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष राधेश्याम गौर, मंडल अध्यक्ष अतुल बारंगे, रामचंद्र बागरे, प्रभुदयाल गौर, गणेश प्रसाद चौधरी, सुंदरलाल रायखेरे, रामकृष्ण चौधरी, आनंद पटेल, जगदीश मालवया, संतोष मागुले, रामकृष्ण मांगुल्ले, राधेश्याम मालवया, अमरदास चौधरी, रामनिवास चौधरी, भगवानदास रायखेरे और महेश रायखेरे ने लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह एवं टिमरनी के पूर्व विधायक संजय शाह का आभार व्यक्त किया।




