विश्व हृदय दिवस पर चिन्हित बच्चों का किया विशेष परीक्षण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। 29 सितंबर को प्रतिवर्ष विश्व हृदय दिवस मनाया जाता है। हृदय रोगों से बचाव और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह दिन विशेष रूप से मनाया जाता है। विश्व हार्ट फेडरेशन और विश्व स्वास्थ्य संगठन के द्वारा वैश्विक स्तर पर हृदय स्वास्थ्य के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच. पी. सिंह ने बताया कि हृदय रोग विश्व में होने वाली मृत्यु का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली, सही आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और धूम्रपान से दूर रहने से हृदय रोगों से बचाव किया जा सकता है। डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 18 वर्ष तक के बच्चों में हृदय रोग पाए जाने पर उसका नि:शुल्क उपचार कराया जाता है। प्रदेश के बड़े चिन्हित निजी चिकित्सालयों में बच्चों की हृदय सर्जरी करवाई जाती है। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय हरदा में आरबीएसके टीम द्वारा चिन्हित बच्चों के लिए विशेष जॉच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें जिला चिकित्सालय के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सिसोदया, डॉ. ब्रजेश रघुवंशी और डॉ. प्रियंका छारी ने बच्चों की जांच की। दो बच्चों में हृदय रोग की संभावना पाए जाने पर उनकी इको जॉच निजी चिकित्सक डॉ. शैली माहेश्वरी राठी और नगर के बघेल हॉस्पिटल के सहयोग से नि:शुल्क कराई गई। इको जॉच में एक बच्चे में हृदय रोग की पुष्टि हुई। डीईआईसी के आडियोलॉजिस्ट नीरज मालवीय और अनुष्का फाउंडेशन के विकास राजपूत ने शिविर में सहयोग किया। श्री मालवीय ने बताया कि शीघ्र ही भोपाल स्थित निजी चिकित्सालय में बच्चे की सर्जरी पूर्णत: नि:शुल्क करवाई जाएगी। ज्ञात हो कि इस वर्ष के विश्व हृदय दिवस की थीम डोंट मिस अ बीट है, जिसका अर्थ है कि हर धड़कन महत्वपूर्ण है और हमें दिल की सेहत का विशेष ख्याल रखना चाहिए।

Views Today: 2

Total Views: 174

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!