अनोखा तीर, खिरकिया। नगर में नवरात्रि का पावन पर्व बड़े उत्साह और भव्य पंडालों के साथ मनाया जा रहा है। इस बार दाना बाबा नवदुर्गा उत्सव समिति ने मंडी गेट में भव्य केदारनाथ धाम मंदिर स्वरूप का पंडाल बनाया है, जिसमें माता दुर्गा की प्रतिमा विराजित है। समिति के उपाध्यक्ष विनय राजपूत ने बताया कि यह समिति अपना 18वां वर्ष मना रही है और हर वर्ष विभिन्न स्वरूपों में पंडाल का निर्माण करती है। माता की प्रतिमा जबलपुर से लाकर यहां स्थापित की जाती है और नगर में सबसे बड़ी प्रतिमा इसी पंडाल में होती है। पंडाल निर्माण का उद्देश्य हमेशा सनातन संस्कृति को प्रमुखता देना रहा है। समिति के सदस्यों जुगल सैनी, गोविंदा तापड़िया और बाबा राजपूत ने बताया कि पंडाल निर्माण की योजना लगभग दो माह पहले से बनाई जाती है। पिछले वर्षों में समिति ने अक्षरधाम मंदिर, बंगाली स्वरूप और पेड़ आधारित पंडाल जैसे भव्य पंडाल बनाकर नगरवासियों को आकर्षित किया है। इस वर्ष केदारनाथ धाम पंडाल का निर्माण नागपुर के कलाकारों द्वारा किया गया है। समिति के भरत हेडा, राम खरबड़िया और रामेश्वर दशोरे ने बताया कि अष्टमी के पावन पर्व पर पंडाल में माता की महाआरती और 56 भोग का आयोजन किया जाता है। इस दौरान हजारों भक्त माता रानी की आरती स्वयं के हाथों से कर सकते हैं और 56 भोग प्रसादी भी भक्तों के घरों से लाई जाती है। समिति पहले भी पौधा वितरण और रुद्राक्ष वितरण जैसे बड़े आयोजनों का संचालन कर चुकी है। नगर में सभी माताजी के लिए नि:शुल्क माला युवाओं द्वारा प्रदान की जाती है। लगभग 100 युवा शाम को विभिन्न पंडालों में माता के लिए माला पहुंचाते हैं। माला में उपयोग होने वाले फूल खंडवा और नर्मदापुरम जिले से लाए जाते हैं। यह परंपरा पिछले लगभग 40 वर्षों से चली आ रही है।
Views Today: 2
Total Views: 446

