तेज बारिश से नदी नाले उफान पर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-शनिवार-रविवार दोनों ही दिन बरसा पानी
अनोखा तीर, मसनगांव। दो दिन से हो रही तेज बारिश से क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर आ गए। शुक्रवार को मौसम साफ रहा, लेकिन शनिवार सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे और दोपहर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। शाम होते-होते दिन में ही अंधेरा छा गया और एक घंटे की तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। बारिश के चलते पूरा अंचल भीग गया। शनिवार को दिन और रात दोनों समय पानी बरसा, वहीं रविवार को शाम 5 बजे फिर आधा घंटे तेज बारिश हुई। लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से कुआर माह में भी मानसून का दौर जारी रहा।
तेज बारिश के चलते कडोला की मटकुल, मसनगांव की देदली और मांदला की माचक नदी उफान पर रहीं। देदली नदी का पानी गांगला मार्ग पर बनी नई पुलिया के ऊपर से बह निकला। खेतों में पानी भरने से नदी का फैलाव लगभग 1 किलोमीटर तक हो गया। स्टेट हाईवे पर भी नदी किनारा छोड़कर बहने लगी। बारिश के कारण खेतों में हो रही सोयाबीन की कटाई प्रभावित हो गई। जिन खेतों में हार्वेस्टर चल रहे थे, वे वहीं फंस गए और ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकालना पड़ा। लेकिन रास्तों में दलदल होने से हार्वेस्टर सड़क तक नहीं पहुंच पाए। ग्राम के किसान रामनिवास रायखेरे ने बताया कि शनिवार को कटाई शुरू हुई थी, तभी अचानक तेज बारिश हो गई। हार्वेस्टर को निकालते समय ट्रैक्टर की सहायता लेनी पड़ी।
दलदल में तब्दील हुए रास्ते
अनवरत बारिश से खेतों में जाने वाले रास्तों की स्थिति बिगड़ गई है। दलदल के कारण हार्वेस्टर और ट्रैक्टर नहीं निकल पा रहे हैं। वहीं सोयाबीन की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी है। किसान मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। किसान भागीरथ भायरे ने बताया कि शुक्रवार को लग रहा था कि अब धूप निकलेगी, लेकिन शनिवार से फिर से बारिश शुरू हो गई। यदि दो-चार दिन और बारिश हुई तो फसल की कटाई में और देरी होगी, जिससे रबी सीजन की तैयारी पर भी असर पड़ेगा।
चना की बोनी पर असर की आशंका
किसानों का कहना है कि चने की बोनी अक्टूबर में की जाती है, लेकिन इस बार देर तक जारी बारिश के कारण बुवाई प्रभावित हो सकती है। अधिक नमी से फसल खराब होने की भी आशंका बनी हुई है। किसानों को अभी से आगामी फसलों की चिंता सताने लगी है।
नदी की बाढ़ में बहे भेड़ के बच्चे
ग्राम की देदली नदी में आई बाढ़ के कारण किनारों पर रह रहे भेड़ के कुछ बच्चे पानी में बह गए। रात में आई बाढ़ के बाद भेड़ पालकों ने अपना सामान ऊंची जगह पर पहुंचाया, लेकिन तेज बहाव के कारण कुछ भेड़ के बच्चे नदी में बह गए। रविवार को ग्रामीणों ने सभी भेड़ों व पालकों को गांव से बाहर खदेड़ दिया।

Views Today: 2

Total Views: 392

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!