अनोखा तीर, हरदा। नवरात्रि महापर्व पर शनिवार की शाम शहर आस्था, भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा। खेड़ीपुरा क्षेत्र से सीताराम नवयुवक मित्र मंडल द्वारा निकाली गई भव्य माला शोभायात्रा ने नगरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। यह आयोजन लगातार सातवें वर्ष धार्मिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर सामने आया। इस बार की शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण सात फीट लंबी और लगभग 21 किलो वज़न की विशाल माला रही, जिसे बहुरंगी गुलाब के फूलों से सजाया गया। माला को पारदर्शी कांच के बड़े डायमंड पर सजाई गई झांकी के माध्यम से माता दरबार तक ले जाया गया, जहां श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से इसे देवी को अर्पित किया। शोभायात्रा का शुभारंभ शाम 5 बजे होना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण यह रात 12 बजे शुरू हो सकी। भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे की धुनों से नगर की गलियां भक्ति और उत्साह से गूंज उठीं। शोभायात्रा रात 2 बजे माता दरबार पहुँची और प्रात: शुभ मुहूर्त में माला अर्पित की गई। यात्रा में विविध झांकियां, पारंपरिक परिधानों में महिलाओं का नृत्य और बच्चों की प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा। डीजे की लेजर लाइट और भव्य आतिशबाजी ने पूरे शहर को रोशन कर दिया। महावीर धमाल के ढोल और गोरिल्ला की मज़ेदार प्रस्तुति ने बड़े-बड़ों और बच्चों को भी खूब आनंदित किया। नगरवासियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों की बड़ी भागीदारी से यह शोभायात्रा भक्ति, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गई। श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे आयोजन नगर की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की सफलता पर मंडल अध्यक्ष शुभम घाघरे, मोहित भामदरे, प्रियान्शु मौर्य, युवराज जाधम और तरुण जोशी ने नगरवासियों का आभार व्यक्त किया और माता रानी से नगर की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
Views Today: 2
Total Views: 144

