-खाद वितरण केंद्र और किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा
अनोखा तीर, रहटगांव। भारतीय किसान संघ की तहसील मासिक बैठक शुक्रवार को कृषि उपज मंडी रहटगांव में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष दीपक पटेल ने की। बैठक में एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे प्रांतीय कोषाध्यक्ष सतीश तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता लगातार ग्राम इकाइयों में प्रवास करें और नियमित रूप से साप्ताहिक बैठकें कराएं। उन्होंने किसानों और कार्यकर्ताओं को भारतीय किसान संघ की रीति-नीति एवं कार्यपद्धति से अवगत कराया। तिवारी ने बताया कि टिमरनी और रहटगांव के व्यापारियों द्वारा डीएपी और यूरिया खाद पर किसानों से अधिक दाम वसूले जा रहे हैं। इस समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मुख्यमंत्री से चर्चा कर इसका निराकरण कराया जाएगा। साथ ही रहटगांव में नगद खाद वितरण केंद्र के लिए डीएमओ गोदाम निर्माण हेतु जगह आवंटन की प्रक्रिया पर भी उच्च अधिकारियों से चर्चा कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर तहसील प्रभारी लोकेश गोर, तहसील मंत्री सियाराम, संभाग युवा वाहिनी से विष्णु गौर, हरिओम गौर, शरद पटेल, अनिल, सुरेश, शांतिलाल, दीपक पटेल, राजेश, भंवर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Views Today: 2
Total Views: 216

