जिले में दुग्ध क्रांति लाने चलेगा दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-दुधारू पशुओं के स्वास्थ्य सुधार एवं नस्ल उन्नयन के लिए करेंगे कार्य
-हरदा को दुग्ध उत्पादन में प्रदेश में अव्वल बनाने के होंगे प्रयास  :  कलेक्टर
अनोखा तीर, हरदा। उन्नत खेती में अग्रणी हरदा जिले को अब दुग्ध उत्पादन में प्रदेश में अव्वल बनाने का बीड़ा उठाया गया है। जिले में दुग्ध उत्पादन में बढ़ोत्तरी लाने दो अक्टूबर से दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान पशु स्वास्थ्य सुधार का विशेष कार्यक्रम चलाया जाएगा। अभियान के तहत पशु चिकित्सा विभाग का मैदानी अमला पशु पालकों से घर-घर जाकर सम्पर्क करेंगे। अभियान में पशु नस्ल सुधार, पशु रोग नियंत्रण, गौशालाओं में उपलब्ध अवर्णित नर बछड़ों का बधियाकरण, गौशालाओं में उपलब्ध प्रजनन योग्य मादाओं में नस्ल सुधार का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही हिरण्यगर्भा योजना सहित पशुपालन विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार भी किया जाएगा। यह अभियान 9 अक्टूबर तक संचालित होगा। अभियान की मॉनिटरिंग मोबाइल एप के माध्यम से की जाएगी। अभियान से जुड़ा मैदानी अमला अभियान की गतिविधियों को मोबाइल एप पर अपडेट करेगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को पशुपालन विभाग के मैदानी अमले, पशुपालक, पशु मैत्री एवं एसआरएलएम की पशु सखियों की प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में संबोधित करते हुए कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जिले को दुग्ध उत्पादन में अग्रणी बनाना है। अभियान के दौरान दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिये पशुपालकों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही अभियान की गतिविधियों की मोबाइल एप से मॉनिटरिंग की जाएगी। जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ने से दुग्ध प्रोसेसिंग एवं दुग्ध उत्पादों से संबंधित उद्यम स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। नतीजतन पशुपालकों की आय में इजाफा के साथ साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। कलेक्टर ने इस अभियान से जुड़े मैदानी अमले से बेहतर परिणाम प्रदर्शित करने की अपेक्षा की। उन्होने कहा कि श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों, सहयोगियों एवं पशुपालकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
कार्यशाला में उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. अजय रामटेके ने कहा कि अभियान के प्रथम चरण में 2 अक्टूबर से 10 एवं इससे अधिक पशु रखने वाले पशुपालकों से सम्पर्क प्रारम्भ किया जाएगा। इस दौरान पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं रखरखाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले से वर्तमान में दुग्ध संघ को प्रतिदिन 1800 लीटर प्रदाय किए जाने वाले दुग्ध को उत्पादन बढ़ाकर 5000 लीटर तक प्रतिदिन दुग्ध प्रदाय किया जाना है।
कलेक्टर श्री जैन ने कार्यक्रमें श्रेष्ठ कार्य करने वाली पशु सखी श्रीमती संगीता नागवंशी, श्रीमती गिरिजाबाई व श्रीमती संगीता बकोरिया, एव्हीएफओ राहुल उइके, महेश कौशल व रामनारायण गौर, पशु मैत्री संदीप बड़ोदिया, विकास निशोध, राजेश कनेरे, सतीश जगनवार,  राजेश सोनवानी,  राधेलाल चौरसिया व  संदीप दांदरे, पशुपालक  रमेश साई,  मनीष यादव,  अभिषेक गहलोत,  रघुवीर सिंह राजपूत,  नरेन्द्र मीणा व  राजेन्द्र बाष्ट, पशु चिकित्सक डॉ. हरिओम पाटिल, डॉ. एस.के. त्रिपाठी सहित  नितिन चौरे,  किशोर,  शंकर बामने,  राकेश सोलंकी,  अशोक मीणा,  रामकृष्ण,  हरनाथ भैंसारे,  नारायण मालवीय,  मनीष पाडर,  मोहनदास,  नूरसिंह निवारे व  रघुवीर सिंह राजपूत को  प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

Views Today: 2

Total Views: 222

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!