-सात फीट लंबी 21 किलो फूलों की माला बनेगी आकर्षण का केंद्र
अनोखा तीर, हरदा। नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर आस्था, उत्साह और भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। इसी क्रम में आज शाम 6 बजे से सीताराम नवयुवक मित्र मंडल, खेड़ीपुरा द्वारा लगातार सातवें वर्ष भव्य माला शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस बार शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण विशेष रूप से तैयार की गई इक्कीस किलो बहुरंगी गुलाबों से सजी सात फीट लंबी माला होगी, जिसे कांच के डायमंड से सजी भव्य झांकी में माता रानी के दरबार तक ले जाया जाएगा। पंडाल पहुँचने के बाद श्रद्धालु इस विशाल माला को सामूहिक रूप से देवी को अर्पित करेंगे।
शोभायात्रा का शुभारंभ मिडिल स्कूल गणेश मंदिर से होगा, जो घंटाघर मार्ग से होती हुई खेड़ीपुरा स्थित माता दरबार तक पहुंचेगी। पूरे मार्ग पर जयकारों, ढोल-नगाड़ों और देवी भजनों की गूंज से वातावरण भक्तिमय और ऊर्जामय बनेगा। आकर्षक झांकियां, पारंपरिक नृत्य, डीजे की धुन पर गुरिल्ला डांस, रंग-बिरंगी झालरों और पुष्प सज्जा से सजी यात्रा का भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेगा। रात के आसमान को आतिशबाजी रोशन करेगी, जिससे आयोजन और भी भव्य दिखाई देगा। इस धार्मिक आयोजन में मोहल्ले के सैकड़ों युवा, महिलाएं और वरिष्ठजन सक्रिय रूप से शामिल होंगे। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस प्रकार की शोभायात्राएं न केवल भक्ति भाव जगाती हैं बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक धरोहर को भी जीवंत बनाए रखती हैं। समिति पदाधिकारी शुभम घाघरे, मोहित भामदरे, प्रियान्शु मौर्य, युवराज जाधम और तरुण जोशी ने नगरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर माता रानी के दरबार में पहुँचें और आशीर्वाद प्राप्त करें।
Views Today: 2
Total Views: 142

