अब मोहन से मिलने भोपाल पहुंचेगी गौमाता : कम्प्यूटर बाबा

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-गायों को बचाने आगे आए कम्प्यूटर बाबा, मांगी भिक्षा
अनोखा तीर, हरदा। कम्प्यूटर बाबा शुक्रवार को लग्जरी कार से साधु-संतों के साथ हरदा पहुंचे। जहां बाजार क्षेत्र में भिक्षा मांगी। उन्होंने बताया कि सड़क पर घूम रही गौ माताओं को बचाने के अभियान के खर्च के लिए वे लोगों से राशि एकत्र कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने आगामी गोमाता न्याय यात्रा की घोषणा भी की। मीडिया से चर्चा करते हुए कम्प्यूटर बाबा ने बताया कि मध्य प्रदेश में गायों के संरक्षण और उन्हें राज्य माता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से 7 से 14 अक्टूबर तक यह यात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत नर्मदापुरम से मां नर्मदा के पूजन के साथ होगी। यात्रा 10 हजार गौ माताओं के साथ मुख्यमंत्री निवास भोपाल पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में यदुवंशी की सरकार है, जिसे बने दो साल पूरे होने वाले हैं, लेकिन गायों के संरक्षण के लिए कोई नीति नहीं बनी। बाबा ने आरोप लगाया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को गौ माता संरक्षण पर बात करने के लिए कई पत्र लिखे, लेकिन मुख्यमंत्री के पास मिलने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि अब गौ माता खुद अपने मोहन से मिलने भोपाल पहुंचेंगी।
आरएसएस प्रमुख से भी शामिल होने का आह्वान
हरदा में कम्प्यूटर बाबा ने गायों की रक्षा व संरक्षण के लिए भिक्षा मांगने के साथ साधु-संतों के साथ भजन-कीर्तन भी किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि गाय सिर्फ धर्म और आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति की आत्मा है, इसलिए इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर शामिल हों। बाबा ने कहा कि भोपाल से आते समय उन्हें रास्ते में सैकड़ों बेसहारा गायें सड़क पर घूमती मिलीं। उन्होंने धर्म की रक्षा की दुहाई देने वाली सरकार पर गायों की बदहाली के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने सनातन की बात करने वाले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से भी गौ रक्षा के इस अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। बाबा के साथ आए संतों के दल ने दुकानों पर जाकर भिक्षा मांगी और भजन-कीर्तन कर लोगों को गायों की दुर्दशा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कम्प्यूटर बाबा ने दावा किया कि प्रदेश में 10-11 नए बूचड़खाने खुल चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर यही हाल रहा तो आने वाली पीढ़ियां टिकट लेकर गायों को देखने जाएंगी। यह हमारी परंपरा और संस्कृति के लिए खतरा है। बाबा ने कहा कि सरकार यदि समय रहते कदम नहीं उठाती, तो गोसेवा की यह लड़ाई और तेज होगी।

Views Today: 2

Total Views: 180

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!