दिव्यांगता की त्वरित पहचान हेतु 28 सितम्बर से 10 नवम्बर तक लगेंगे शिविर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। बच्चों में दिव्यांगता की त्वरित पहचान, पुनर्वास सेवाओं की प्रदायगी हेतु उचित रेफरल तथा परिजनों की सुविधा के लिये दिव्यांग प्रमाण-पत्रों की उपलब्धता के लिए जिले में 28 सितम्बर से 10 नवम्बर तक स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे। उप संचालक सामाजिक न्याय कमलेश सिंह ने बताया कि इन शिविरों में जिला मेडिकल बोर्ड, डी.ई.आई.सी., डी.डी.आर.सी. के विशेषज्ञ व चिकित्सकों द्वारा समुचित दिव्यांगजनों का परीक्षण कर दिव्यांग प्रमाण-पत्र, यू.डी.आई.डी, पेंशन पात्रता परीक्षण तथा अन्य योजना के लाभ संबंधी कार्यवाही की जाएगी। शिविरों के आयोजन के लिये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को नोडल अधिकारी तथा उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जारी कार्यक्रम अनुसार 28 सितम्बर को कायदा के स्वास्थ्य केन्द्र में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद पंचायत टिमरनी तथा ग्राम पंचायतों के दिव्यांगजन सम्मिलित हो सकेंगे। इसी प्रकार 16 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र टिमरनी में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद पंचायत टिमरनी एवं नगर परिषद टिमरनी के सभी हितग्राही सम्मिलित हो सकेंगे। जारी कार्यक्रम अनुसार 27 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय हरदा में शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में जनपद पंचायत हरदा की ग्राम पंचायतों व नगर परिषद हरदा के वार्ड क्र. 1 से 15 तक के हितग्राही सम्मिलित हो सकेंगे। इसी प्रकार 30 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खिरकिया में शिविर आयोजित होगा। इस शिविर में जनपद पंचायत खिरकिया की ग्राम पंचायत एवं नगर परिषद खिरकिया के सभी वार्ड के हितग्राही सम्मिलित होंगे। 3 नवम्बर को जिला चिकित्सालय हरदा में शिविर आयोजित होगा, जिसमें जनपद पंचायत हरदा तथा नगर परिषद हरदा के वार्ड 16 से 35 तक के हितग्राही सम्मिलित होंगे। सामूदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रहटगांव में 6 नवम्बर को तथा 10 नवम्बर को सामूदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिराली में स्क्रीनिंग शिविर आयोजित होंगे।

Views Today: 2

Total Views: 286

Leave a Reply

error: Content is protected !!