पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने सरकार प्रतिबद्ध : कृष्णा गौर

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश की पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्णा गौर ने गुरुवार को हरदा में ओबीसी आरक्षण को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती समारोह में पहुंची मंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री गौर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। सभी दलों ने अपने वकीलों के साथ मिलकर लड़ने की सहमति दी थी। सरकार ने 24 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में 15 हजार पेज की रिपोर्ट पेश की। इस रिपोर्ट में मध्यप्रदेश के सभी जिलों के पिछड़ा वर्ग की संख्या का विवरण है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह भ्रामक बयान दे रही है। विपक्षी वकीलों का कहना था कि उन्होंने रिपोर्ट नहीं पढ़ी है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। सरकार के साथ सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए। मंत्री गौर ने आश्वासन दिया कि 8 अक्टूबर को वे मजबूती से अपना पक्ष रखेंगी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

221 Views

Leave a Reply