सेवा पखवाड़ा के तहत

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-कलेक्टर ने किया विभागीय गतिविधियों का निरीक्षण
अनोखा तीर, रहटगांव। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत बुधवार को जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने रहटगांव तहसील में विभिन्न विभागीय गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एल एन पालीवाल हाईस्कूल, एकलव्य शाला, छात्रावास परिसर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं तहसील कार्यालय का दौरा किया। एलएन पालीवाल स्कूल में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सवाल पूछकर उनकी तैयारी जानी और देरी से आने वाले शिक्षकों को फटकार लगाई। उन्होंने त्रैमासिक परीक्षा में पीछे चल रहे विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। वहीं, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। कलेक्टर ने समस्या का शीघ्र निराकरण कर आवश्यक डॉक्टर की पोस्टिंग का आश्वासन दिया। इस दौरान नगर और ग्राम में बार-बार हो रही बिजली कटौती, ग्राम पंचायत से नगर परिषद के रूपांतरण की प्रक्रिया की स्थिति आदि विषयों पर भी चर्चा हुई। एकलव्य शाला परिसर में कलेक्टर ने पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। निरीक्षण के दौरान टिमरनी एसडीएम संजीव नागू, जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय जनपद सदस्य और टिमरनी जनपद उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा (लिबर्टी) ने स्वास्थ्य विभाग में स्वीकृत पदों की भर्ती, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, तहसील कार्यालय रहटगांव हेतु अतिरिक्त आरआई की आवश्यकता और किसानों के सीमांकन की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। अल्पसंख्यक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शाहिद अली ने आधार केंद्र में नाम सुधार न होने से हो रही जनता की परेशानी भी अवगत कराई।  कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

Views Today: 2

Total Views: 390

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!