-भारत माता प्रतिमा का अनावरण और सेवा भाव का संगम
अनोखा तीर, टिमरनी। भाऊसाहेब भुस्कुटे शासकीय महाविद्यालय, टिमरनी में 24 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की प्रतिमा के अनावरण से हुई, जिस क्षण वातावरण भारत माता की जय के उद्घोषों से गूंज उठा और उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रगौरव एवं सेवा का भाव जागृत हुआ। मुख्य अतिथि कुंवर संजय शाह, पूर्व विधायक एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को सेवा, समर्पण और अनुशासन की प्रेरणा देती है। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थी ग्राम और समाज की सेवा करते हुए नेतृत्व, सहयोग और कर्तव्यभाव का विकास करते हैं। भारत माता की प्रतिमा केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और गौरव की प्रतीक है और युवाओं को इसका सम्मान करते हुए सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलना चाहिए। अध्यक्ष प्राचार्य डॉ. जेके जैन ने महाविद्यालय की शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में अधोसंरचना, प्रयोगशालाएँ, पुस्तकालय और छात्र-हितैषी सुविधाओं में महत्वपूर्ण विकास हुआ है। भविष्य में नवीन पाठ्यक्रम, तकनीकी सुविधाएँ, हरित परिसर तथा कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थी समाजसेवा में जुड़कर राष्ट्र के विकास में सहयोग करें। सेवा पखवाड़ा अंतर्गत विजेंद्र गुर्जर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए लघु एवं कुटीर उद्योगों पर चर्चा की और स्वावलंबन तथा स्वरोजगार की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला संगठन अधिकारी डॉ. अरुण सिकरवार ने एनएसएस की स्थापना और महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनीत काशिव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि संचालन डॉ. दीपक मालाकार ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार, विद्यार्थी और नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख अतिथियों में विनीत गीते, राधेश्याम गौर, शीतल जैन, छोटू पटेल, सागर तिवारी, अंकित जोशी, सुदन मानकर, अमितराव पालवे, अरविंद गुर्जर आदि शामिल थे। स्थापना दिवस पर तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें डॉ. सुनील बोरासी, डॉ. संजीत सोनी और डॉ. संजय पटवा निर्णायक मंडल में शामिल रहे। प्रतियोगिता में डॉ. ज्योति काशिव और अभिषेक नागपुरे का मार्गदर्शन सहयोगी रहा। प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ दीं और प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सम्पूर्ण आयोजन भारत माता की प्रतिमा के अनावरण से प्रारंभ होकर सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिष्ठा के भाव के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Views Today: 2
Total Views: 486

