–हंडिया एवं खुदिया में होम स्टे बनेंगे
-जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक सम्पन्न
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में बुधवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के एतिहासिक स्थल जोगा से हनुवंतिया तक पर्यटन जल मार्ग विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। साथ ही जोगा तक आने वाले पर्यटकों को गोराखाल जलप्रपात तक आकर्षित करने की व्यवस्था पर विचार किया गया। बैठक में भोपाल से आए पर्यटन विकास से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि जोगा को जल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के साथ-साथ यहां वर्डवाचिंग, सायकिलिंग की भी पर्यटकों को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही यहां जैव विविधता से भी पर्यटकों को परिचित कराया जाएगा। हनुवंतिया से आगे पर्यटकों को ओंकारेश्वर एवं महेश्वर तक भ्रमण करने के लिये सुविधा दी जाएगी। जोगा में नाइट स्टे, किला भ्रमण, वाटर स्पोर्टस जैसे पर्यटन विकास के कार्य भी कराए जायेंगे। बैठक में हंडिया एवं खुदिया में होम स्टे निर्माण की स्थिति की भी जानकारी दी गई। इस दौरान जिले के भ्रमण पर आए संचालक कौशन बीपी सिंह, संयुक्त संचालक एडवेंचर्स स्पोर्टस एसके श्रीवास्तव, वाटर टूरिज्म के सलाहकार राजेन्द्र निगम ने कलेक्टर के साथ उपरोक्त विषयों पर विचार विमर्श कर जोगा पर्यटन स्थल का भी भ्रमण किया गया। बैठक में संयुक्त कलेक्टर सतीश राय सहित जिला पर्यटन विकास समिति के सदस्य डॉ. प्रभुशंकर शुक्ला, देवेन्द्र दुआ एवं डॉ. उमेश शर्मा भी मौजूद थे।




