धरती आबा जनजाति उत्कर्ष अभियान के लाभ से कोई पात्र वंचित न हो : दुर्गादास उईके

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

समन्वित प्रयासों से योजनाओं का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन कराएं

अनोखा तीर, हरदा। केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में अधोसंरचना विकास और केंद्र प्रवृत्त सभी योजनाओं में शत प्रतिशत सेचुरेशन के लिए धरती आबा योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके लिए पूरे देश में 63 हजार जनजातीय बाहुल्य ग्रामों के लिए 80 हजार करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। हरदा जिले के 103 ग्रामों को भी योजना के तहत सम्मिलित किया गया हैं। हरदा जिले में कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। समन्वित प्रयासों से जिले में योजना का सफल क्रियान्वयन कर आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करें। यह बात मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री जनजातीय मामले दुर्गादास उईके ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों से कही। केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने बैठक में धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान की प्रगति की विभागवार विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग योजना के क्रियान्वयन में आदर्श प्रस्तुत करें। ताकि योजना से लाभान्वित व्यक्ति से प्रेरित होकर अन्य व्यक्ति भी लाभान्वित भी हो सकें। उन्होंने कहा कि धरती आबा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आदि कर्मयोगी अभियान प्रारंभ किया जाएगा। जिसके क्रियान्वयन में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी और आदि साथियों का भी गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत सभी जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में अधोसंरचना विकास के कार्य और अंतिम पंक्ति पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति को सूचीबद्ध कर लिया जाए। यह कार्य पूरे मनोयोग से किया जाएं। बैठक केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास अंतर्गत जनपदवार प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मत्स्य, पर्यटन, शिक्षा, प्रधानमंत्री ग्राम सडक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी इत्यादि विभागों के प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की जानकारी लीं। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को ऐसे ग्राम जहां आंगनवाड़ी भवन के लिए जमीन नहीं हैं। वहां शीघ्र जमीन आवंटन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई ग्राम ऐसा न हो जहां आंगनवाड़ी न हो। उन्होंने कहा कि सभी क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी भवनों की भी मरम्मत सुनिश्चित कराएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हरदा को निर्देशित किया कि जनजातीय ग्रामों में कोई भी पात्र आयुष्मान योजना के लाभ से वंचित न रहे। सभी पात्रों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएं। उन्होंने इन ग्रामों में जनजातीय वर्ग के साथ सभी वर्गों की सिकलसेल एनीमिया की जांच किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मत्स्य और पशुपालन विभाग को निर्देश दिए दिए कि मत्स्यपालन और बकरी पालन से ज्यादा से ज्यादा हितग्राहियों को लाभान्वित कराएं। मत्स्य पालन और बकरी पालन का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करें ताकि अन्य हितग्राही भी इस दिशा में प्रेरित हो सकें। निर्माण संबंधी विभागों को विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व विधायक टिमरनी संजय शाह, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Views Today: 2

Total Views: 486

Leave a Reply

error: Content is protected !!