Skip to content
Thursday, 22 October 2026
खंडवा

स्वच्छता रील प्रतियोगिता में ग्राम पंचायत मल्हारगढ़ के कलाकारों की रील चयनित

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, खंडवा। विकासखंड खालवा की ग्राम पंचायत मल्हारगढ़ के युवा कलाकारों ने प्रदेश स्तर पर रचनात्मकता का परचम लहराया है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ रील प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश भर से केवल मल्हारगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता मोहन रोकड़े द्वारा निर्मित रील का चयन किया गया। यह उपलब्धि जिले और समूचे खालवा अंचल के लिए गर्व का विषय बनी है। कचरा नहीं, यह कंचन है  इसे अलग-अलग करें और पैसा कमाएं विषय पर हरबोला शैली में तैयार की गई इस रील का निर्माण मोहन रोकड़े, विक्रम अवासे एवं सौरभ नाहरवाल द्वारा किया गया। रील को राजधानी भोपाल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में मंत्री श्री पटेल ने कहा, वीडियो के माध्यम से जनजागरूकता फैलाने का यह प्रयास प्रशंसनीय है। हम आपको स्वच्छ भारत मिशन से और भी गहराई से जोड़ते हुए आगे भी सेवाएं लेते रहेंगे। मंत्री श्री पटेल ने इस अवसर पर यह भी कहा कि हम इन कलाकारों को स्वच्छ भारत मिशन का ब्रांड एंबेसडर बना सकते हैं। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को इस विषय पर विचार करने के लिए कहा। इस अवसर पर श्रीमती शिवानी वर्मा ज्वाइंट कमिश्नर, स्वच्छ भारत मिशन, दिनेश जैन मिशन संचालक एवं साबिर इकबाल कंसल्टेंट, स्वच्छ भारत मिशन भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने कलाकारों को बधाई देते हुए उनके कार्य की सराहना की। इस उपलब्धि पर कलेक्टर ऋषव गुप्ता तथा जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौडा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलाकारों को शुभकामनाएं और बधाई दी हैं।  पूर्व में भी इन कलाकारों की रील नशे से दूरी है ज़रूरी को जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था।

665 Views
What do you think?

Leave a Reply