-कांग्रेस ने निर्माण कार्यों को लेकर नप की कार्य प्रणाली पर उठाए सवाल
अनोखा तीर, टिमरनी। नगर परिषद द्वारा मुख्यमंत्री अधो संरचना विकास के तहत सूर्या टावर से स्टेशन चौराहे तक लगभग १ करोड़ 80 लाख की लागत से सीमेंट कांक्रीट रोड बनाई जा रही है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से नगर परिषद पर अनुदान राशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। श्री जायसवाल ने बताया कि नगर परिषद जितनी राशि एक सड़क पर खर्च कर रही है, वह सड़क आधी राशि में भी बन सकती थी, परंतु नगर परिषद अविवेक पूर्ण तरीके से मनमाने निर्णय ले रही है और शासन की राशि का दुरुपयोग कर रही है। वर्षों से बनी मजबूत सड़क को तोड़कर एवं खोदकर नई सीमेंट रोड बनाई जा रही है। जबकि यह सड़क पहले से ही बहुत मजबूत थी एवं डामर से निर्मित सड़क है, जिस पर यदि उच्च गुणवत्ता का डामरीकरण कर दिया जाता तो यह सड़क मात्र 80 लाख रुपए में बनकर तैयार हो जाती। सड़क के दोनों और गत वर्षो में नगर परिषद ने लाखों रुपए खर्च करके फुटपाथ बनाए थे जिन पर पेपर ब्लॉक लगाए थे, नगर परिषद उसे भी उखाड़ कर नष्ट कर रही है, जिसका कोई औचित्य नहीं है। यदि उक्त सड़क डामरीकरण बनाई जाती तो शेष बची राशि से अन्य वार्डों में विकास कार्य किए जा सकते थे। जहां आज शहर के कई वार्डों में सड़के नहीं है। वार्ड क्र. १ और २ में नागरिकों को आवागमन के लिए सड़के नहीं है, परंतु नगर परिषद शहर के ऐसे वार्डों में ध्यान न देकर मुख्य मार्ग पर ही करोड़ों रुपए खर्च कर रही है एवं मजबूत सड़क को खोदकर बना रही है, जो नगर परिषद की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उक्त सड़क का निर्माण कार्य भी बहुत धीमी गति से चल रहा है। पेयजल पाइप लाइन जगह-जगह फूट रही है। इस मुख्य मार्ग पर सैकड़ो दुकान हैं। निर्माण कार्य धीमी गति से चलने के कारण आवागवन तो बाधित हो ही रहा है। साथ ही व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। सड़क को लेकर नगर परिषद ने जो तकनीकी स्वीकृति शासन स्तर से प्राप्त की है, वह भी वरिष्ठ अधिकारियों को धोखे में रखकर उक्त सड़क को कच्ची सड़क बताकर प्राप्त की है, जो की गंभीर अनियमितता है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने परिषद सदस्यों एवं अध्यक्ष को सलाह दी है कि कि वह शासन अनुदान से मिलने वाली राशि का उपयोग समुचित ढंग से करें ताकि शहर के पिछड़े ऐसे कई वार्ड है जहां के नागरिकों को अभी तक मूलभूत सुविधाएं प्राप्त नहीं हुई है उनका विकास हो सके एवं इस तरह से शासन से मिलने वाली राशि का सही उपयोग हो सके। कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने परिषद सदस्यों एवं अध्यक्ष को सलाह दी है कि शहर विकास में कांग्रेस आपके साथ है, पर विकास के नाम पर अनुदान राशि का दुरूपयोग एवं भ्रष्टाचार की नियत से किया जा रहे हैं कार्यों का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।





