अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा केन्द्रीय मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग विभाग भारत सरकार नितिन गडकरी को पत्र प्रेषित कर हरदा जिले में निर्माणाधीन नेशनल हाईवे फोर-लेन सड़क मार्ग पर व्याप्त विभिन्न समस्याओं एवं सर्विस रोड़ निर्माण कार्य कराये जाने की मांग की गई है। विधायक डॉ. दोगने द्वारा प्रेषित पत्र में लेख है कि हरदा जिले में नेशनल हाईवे फोर लेन का कार्य प्रगति पर है, जिसे काफी लम्बा समय हो चुका है। उक्त निर्माणाधीन सड़क मार्ग पर हरदा से हंडिया के बीच सर्विस रोड सेे मुख्य मार्ग को जोडने वाले हिस्सों की हालत काफी खराब है। सर्विस रोड भी जगह-जगह से खुद गई है व 4 से 6 जगहों से उखड़ गई है। जिसके कारण उक्त मार्ग पर सफर करना बेहद दुर्गम हो गया है। 20 मिनट का सफर तय करने में 1 घंटे का समय लग रहा है। जगह-जगह रोड खुदी होने से बड़े वाहनों के गुजरने से धूल उड़ती है। सड़क मार्ग खराब होने के कारण आये दिन दुर्घटनाएं भी हो रही है एवं लम्बा जाम भी लगा रहता है। जिससे की क्षेत्रवासियों व राहगिरों को काफी परेशानीयों का समाना करना पड़ रहा है। उक्त सड़क मार्ग का कार्य सितम्बर 2023 तक पूर्ण हो जाना था परन्तु आज दिनांक तक कार्य अपूर्ण है। सड़क मार्ग निर्माण कार्य समय से पूर्ण क्यों नही हुआ इसकी निष्पक्ष जांच होना चाहिए। साथ ही संबंधित विभाग के अधिकरियों द्वारा कहा जा रहा है कि उनके द्वारा सर्विस रोड का निर्माण कार्य नही किया जाएगा। सिर्फ नेशनल हाईवे का कार्य ही मार्च 2025 तक पूर्ण किया जाएगा। जबकि नियमानुसार नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य के साथ ही सर्विस रोड का निर्माण कार्य किया जाना चाहिए, जो जन हित में अति-आवश्यक है। इसके साथ ही हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा कहा गया कि केन्द्रीय राज्यमंत्री व सांसद डीडी उईके के द्वारा दिए गए निर्देश उपरांत भी विभाग के अधिकारी द्वारा कहा जा रहा है कि सर्विस रोड का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा और ऐसे ही रोड पर चलना पड़ेगा। यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि विभाग का अधिकारी केन्द्रीय राज्यमंत्री की बात नही सुन रहा है और मनमाने तरीके से कार्य कर रहा है और पूर्व कृषि मंत्री व वर्तमान सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल भी अधिकारियों को निर्देशीत कर रहे है परन्तु कार्य नहीं हो रहे है और नेशनल हाईवे सड़क मार्ग निर्माण कार्य सितम्बर 2023 तक पूर्ण हो जाना था परन्तु हमारे क्षेत्र के कुछ जनप्रतिनिधियों के द्वारा उक्त मार्ग में बदलाब करने और हाई कोर्ट में पिटिशन लगाने के कारण निर्माण कार्य के पूर्ण होने में देरी हुई है। यदि समय से कार्य शुरू होता तो क्षेत्र की जनता को यह सौगात सितम्बर 2023 में मिल जाती।

