Skip to content
Saturday, 31 October 2026
उज्जैन

मकान मालिक ने कहा था घर खाली कर दो, जर्जर भवन गिर गया, किरायेदार की दबकर मौत

2 min read
Text Size:

मां और बेटा इस मकान में काफी समय से किराए पर रह रहे थे। मकान मालिक ने कुछ समय पहले ही उन्हें जर्जर हो चुके मकान को खाली करने के लिए कहा था, लेकिन वे ऐसा कर पाते इससे पहले ही यह हादसा हो गया।

 उज्जैन:-अमरपुरा में सोमवार दोपहर एक जर्जर मकान भरभराकर गिर गया। जिससे उसमें रह रही एक महिला की दबने से मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

खाराकुआं पुलिस ने बताया कि अमरपुरा में गली नंबर एक में सोमवार दोपहर दो मंजिला मकान गिर गया। मकान गार्डर-फर्शी का बना हुआ था और काफी जर्जर हो चुका था। मकान में रईसा बी पत्नी खुर्शीद उम्र 50 वर्ष तथा उसका पुत्र हैदर तथा परिवार रहता था। सोमवार दोपहर एकाएक मकान गिरने से दीवार के नीचे रईसा बी व हैदर दब गए थे।

आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को मलबा हटाकर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया था। जहां डॉक्टर ने रईसा को मृत घोषित कर दिया। जबकि हैदर गंभीर रूप से घायल है। उसे हड्डी वार्ड में भर्ती किया गया है।

सूचना मिलने पर खाराकुआं पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पुलिस का कहना है कि मकान किसी लाला परिवार का बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

जर्जर मकानों पर निगम ने नहीं की कार्रवाई

बता दें कि वर्षा का मौसम होने के बाद भी नगर निगम ने इस साल भी जर्जर मकानों पर कार्रवाई नहीं की है। सवारी मार्ग पर भी जर्जर मकान है। जहां पुलिस ने केवल नोटिस जारी कर इतिश्री कर ली। सोमवार को हुए हादसे में एक महिला की जान चली गई।

499 Views
What do you think?

Leave a Reply