कार्रवाई के साथ-साथ सख्त संदेश ….
अवैध उत्खननकर्ताओं में मची अफरा-तफरी, ताबड़तोड़ परिवहन पर ब्रेक
रेत, मुरूम, बजरी और गिट्टी ! जो कि निर्माण कार्य में सबसे जरूरी है। हालांकि, इन तमाम खनिज उत्पादों की भरपूरता के मामले में जिला आत्मनिर्भर होने के साथ साथ अन्य जिलों की पूर्ति कर रहा है, जो कि करना भी चाहिये। जिससे कि लोगों को सीमित दामों में खनिज उपलब्ध हो सकें, वहीं बतौर रॉयल्टी सरकार को मिलने वाला राजस्व विकास को गति देने के समान है। परंतु , राजस्व को बचाने के चक्कर में यहां अवैध उत्खनन को बल मिलने से इंकार नही कर सकते हैं, जो कि जनता और सरकार दोनों के हितार्थ नही है। इसी बीच गुरूवार को प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई कर अवैध उत्खननकर्ताओं को सख्त संदेश दे दिया है।
अनोखा तीर, हरदा। खनिज का अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने की दिशा में कलेक्टर आदित्य सिंह के प्रभावी प्रयासों के चलते गुरूवार को इन्दौर रोड स्थित बजाज शोरूम के पास एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। यहां राजस्व एवं खनिज विभाग की टीम ने शोरूम के पीछे अवैध रूप से इकट्ठी करके रखी गई लगभग 390 डंपर अवैध मुरूम जप्त की है। इस दौरान एसडीएम कुमार शानु देवड़िया, जिला खनिज अधिकारी आरपी कमलेश और तहसीलदार लविना घाघरे समेत टीम में शामिल अन्य अधिकारी मौजूद थे। एसडीएम कुमार शानु ने बताया कि मुरूम का बड़ा स्टॉक रामभरोस पिता बद्रीप्रसाद जाट, जगदीश पिता रामकरण राजपूत और सुरेंद्र पिता रामकरण राजपूत की भूमि पर मिला है, जो कि अवैध रूप से भंडारित करना पाया है। इस मामले में प्रकरण तैयार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इधर, प्रशासन के निर्देश पर खनिज एवं राजस्व विभाग की कार्रवाई से अवैध उत्खनन एवं स्टॉक कर्ताओं में अफरा-तफरी का माहौल है। यहां बताना होगा कि रेत, मुरूम, बजरी और गिट्टी जैसे खनिज उत्पादों के मामले में हरदा जिला आत्मनिर्भर होने के साथ साथ अन्य जिलों की पूर्ति करने में सहायक है। परंतु , इस कारोबार की आड़ में यहां खनिज माफियाओं का दबदबा लंबे समय से बरकरार है। वे खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। जिन पर नकेस कसने के बजाय उन पर संबंधित महकमों की मेहरबानी जगजाहिर है। यही कारण है कि खनिज माफियाओं ने नर्मदा नदी से लेकर जिले के तीनों ब्लॉक में बड़े-बड़े गड्ढ़े व खाईयों में तब्दील हो चुकी हैं, जो अक्सर हादसों के समय उजागर होता है। बहरहाल, प्रशासन की तत्परता या यूं कहें कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने की दिशा में कारगर कार्रवाई प्रारंभ हो चुकी है।
सरकार को राजस्व की हानि
यहां यह भी बताना होगा कि राजस्व के मामले में खनिज विभाग खासा महत्वपूर्ण है। परंतु , राजस्व बचाने के चक्कर में यहां लंबे समय से अवैध उत्खनन चल रहा है। जिससे सरकार को बड़े राजस्व की हानि जारी है। इन सबके बीच प्रशासन की ये कार्रवाई अवैध उत्खनन, परिवहन एवं स्टॉक कर्ताओं को सख्त संदेश है।
रेत से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली जप्त
उधर, हंडिया तहसीलदार आरके झरबड़े ने तहसील क्षेत्र के ग्राम सुरजना में रेत का अवैध परिवहन में लिप्त ट्रेक्टर-ट्राली जप्त करने की कार्रवाई की है। उन्होंनें बताया कि ट्राली में 3 घनमीटर रेत भरी थी। इसके अलावा ट्रैक्टर ट्राली बगैर नंबर के दौड़ रहा था। जिसे जप्त करने के बाद हंडिया थाना परिसर में खड़ा करवाया है।
Views Today: 2
Total Views: 188

