अब समाजसेवा के गुर सिखा रही एमपी सरकार, तैयार होंगे बेहतर लीडर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। बचपन से ही हर किसी में लीडर बनने की चाह होती है, कोई इसके लिए किसी संगठन का हिस्सा बनता है तो कोई राजनीति को चुनता है। कई लोग समाजसेवा के जरिए भी अपने आपको बतौर नेतृत्वकर्ता स्थापित कर लेते हैं। कहीं आपदा या विपदा हो या किसी जरूरतमंद को मदद चाहिए हो, तो अक्सर मदद करने वाले के हाथ खुद-व-खुद उठ जाते हैं, लेकिन कई बार ऐसे प्रयास लम्बे समय तक उनके काम नहीं आते। इस सब से हटके जो लोग समाज के लिए काम करते हैं या करना चाहते हैं, उन्हें समाज में रहकर सेवा का असल भाव सिखाने के लक्ष्य से मध्यप्रदेश सरकार एक विशेष प्रोग्राम चला रही है, जिसे मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम नाम दिया गया है।

चित्रकूट यूनिवर्सिटी से मिलेगी समाजसेवा की डिग्रियां

 हरदा जिले के सभी विकासखंडों में जन अभियान परिषद की मदद से इस कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा एक दीर्घकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेते हैं, जिसके अंतर्गत उन्हें सफल शिक्षण प्रशिक्षण के बाद बैचलर ऑफ सोशल वर्क तीन वर्षीय या मास्टरऑफ सोशल वर्क दो वर्षीय की डिग्री दी जाएगी। इसके लिए सरकार ने चित्रकूट के महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय से टाइ-अप किया है।

छात्र, किसान से लेकर गृहणियां तक ले रहीं हिस्सा

हरदा जिला समन्वयक संदीप गौहर ने बताया कि यह एक डिसटेंस लर्निंग प्रोग्राम है। जिसके तहत एक शैक्षणिक सत्र में 40 कक्षाएं संचालित की जाएंगी। जो प्रत्येक रविवार को सभी विकासखंडों पर संचालित हो रही हैं। इस कार्यक्रम में सप्ताह में छह दिन प्रतिभागी छात्रों को अपने-अपने गांव और वार्ड में फील्ड वर्क करना होगा, जबकि एक दिन विकासखंड मुख्यालय या जहां भी कार्यक्रम संचालित होता है वहां उपस्थित होना होगा। यह दोनों ही कोर्सेस देश की नई शिक्षा नीति के तहत संचालित किए जा रहे हैं। वर्तमान में हरदा जनपद में 220 छात्र पंजीकृत हैं, जबकि जिले में यह संख्या 660 के पार है। इनमें हर वर्ग के छात्र, समाजसेवी लोग, गृहणियां और कृषक आदि बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और कक्षा का संचालन रविवार के दिन किया जाता है।

एमएसडबल्यू के लिए 150 और बीएसडबल्यू के लिए 120 सीट उपलब्ध

हरदा जिले में एमएसडबल्यू के लिए 150 सीट है। जिसमें हरदा, टिमरनी और खिरकिया विकासखंड में 50-50 और बीएसडबल्यू के लिए 120 सीट है। जिसमें हरदा, टिमरनी और खिरकिया विकासखंड में 40-40 उपलब्ध है। जिसमें एमएसडबल्यू का शुल्क 6500 और बीएसडबल्यू का शुल्क 4500 है। पढाई में लगने वही किताबे निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

तैयार किए जा रहे समाज में बेहतर ढंग से कार्य करने वाले लीडर

शासन द्वारा चलाए जा रहे इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य ऐसे लीडर तैयार करना है जो समाज के अंदर बेहतर ढंग से कार्य कर सकें साथ-साथ शासन की योजनाओं, विभिन्न कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, पखवाड़े आयोजनों का क्रियान्वयन और संचालन बेहतर ढंग से कर सकें। जिससे लोगों में सटीक और सही संदेश जा सके। इसके बदले इन समाजसेवी छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाते हैं।

समाजसेवा से मिलेगा नौकरी का अवसर

किसी भी डिग्री या डिप्लोमा कोर्स के पीछे छात्र की मंशा भविष्य में नौकरी कर आर्थिक तौर पर जीवन यापन की व्यवस्था कर अपना भविष्य सुरक्षित करना होता है, लेकिन सिर्फ समाज सेवा के जरिए भविष्य नहीं बनाया जा सकता। ऐसे में आखिर इन डिग्री कोर्स के जरिए नौकरी का कितना स्कोप है इस बात का जवाब देते हुए विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा ने बताया कि आज शासन के द्वारा विभिन्न विभागों में एमएसडबल्यू और बीएसडब्ल्यू के तहत वेकेन्सीस डेवेलप हो रही है।

Views Today: 2

Total Views: 160

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!