शहर में दिखती गंदगी आपका दृष्टिदोष, खामोश! शहर में सफाई अभियान चल रहा है

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। नगरपालिका द्वारा १८ दिसंबर से १९ जनवरी तक शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। हो सकता है इस बात की जानकारी आपको समाचार पत्रों के माध्यम से मिल भी गई हो। अगर नहीं भी मिली है, तो आप मेहसूस कीजिए कि आपके शहर में सफाई हो रही है। इस दौरान आप भूलकर भी अपने मकान-दुकान के आसपास या मोहल्ले के चौक-चौराहों पर लगे हुए कचरे के ढेरों को बिलकुल न देखें। गलती से अगर आपकी नजर इन ढेरों पर पड़ भी जाती है या इसकी बदबू आपको सताने लगती है, तो आप अपने ऊपर थोड़ा सा इत्र छिड़क लीजिए, फिर देखिए कैसे बदबू खुशबू में तब्दील होती है। वैसे भी आपको तो पता ही होगा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी ने पूरे हिन्दूस्तान में स्वच्छता का आह्वान किया है। हो सकता है कुछ स्थानों पर कांग्रेस शासित नगरीय निकाय उनके इस आह्वान को नजरअंदाज कर जाएं, लेकिन भाजपा शासित नगरीय निकाय भला ऐसी गुस्ताखी कर सकती है क्या? आपको तो पता है कि हरदा नगरपालिका में भाजपा की परिषद चुनकर आई हुई है। ऐसे में गंदगी और हरदा में.. हो ही नहीं सकता। अगर हम गंदगी की खबरें छापें या फोटो भी लगा दें तो आप उसे सही मत मानिए। हम अखबार वाले तो कुछ तो भी छाप देते हैं। भला भाजपा शासित नगर परिषद शहर में गंदगी फैलने देगी क्या? भाई साहब हरदा नगरपालिका के कार्यकाल को तो आने वाले समय में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। चमचमाती सड़के, अतिक्रमण मुक्त आवागमन के सुगम मार्ग, चौक-चौराहों और शहर के पार्कों में सौंदर्यीकरण के ऐसे कार्य की लोग देखते ही रह जाएं। ऐसी स्थिति में भला साल में एक महीनें सफाई अभियान, हो ही नहीं सकता। यह जो कचरे के ढेर, सड़कों पर बहता नालियों का पानी, धूल के गुब्बारे उड़ाती शहर की सड़कें, अतिक्रमण की चपेट में शहर के मुख्य मार्ग, विरान और उजाड़ होते पार्क, जो आप देख रहे हैं यह वास्तव में आपकी नजरों को धोखा है। आप किसी अच्छे नेत्र चिकित्सक से परामर्श के लिए ऐसा दृष्टिदोष ठीक नहीं है। भला इतनी अच्छी चाक-चौबंद व्यवस्था को आप बदहाल कैसे बोल सकते हैं। आप निश्चित रहिए अखबार वाले चाहे कितनी भी कूढ़े-कचरे, सड़कों के गड्ढे और अतिक्रमण की भेंट चढ़ती सड़कों की तस्वीरें छापते रहें, मोदी जी अपने मन की बात में आपके शहर का उल्लेख बिलकुल नहीं करेंगे। श्रीमान नगरपालिका की कार्यशैली इतनी जबरजस्त है कि आपके शहर की गंदगी क्या वह शहर से भाजपा को भी साफ कर सकती है, थोड़ा इंतजार तो कीजिए

Views Today: 2

Total Views: 92

Leave a Reply

error: Content is protected !!