Skip to content
Thursday, 29 October 2026
राष्ट्रीय

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छात्रों के लिए आवश्यक कौशल सीखने पर ध्यान केंद्रित करने की ज़रूरत का आह्वान किया

2 min read
Text Size:

हैदराबाद- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हैदराबाद में हैदराबाद पब्लिक स्कूल के शताब्दी समारोह में भाग लिया। राष्ट्रपति महोदया ने इस अवसर पर अपने संबोधन में 100 वर्षों की यात्रा में विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए हैदराबाद पब्लिक स्कूल की पूरी टीम की प्रशंसा की। उन्होंने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि शैक्षणिक उपलब्धियों के अलावा इस स्कूल में चरित्र निर्माण पर भी बल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान ने अपने विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया है, जिससे हमारे देश को सम्मान और गौरव भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह स्कूल विद्यार्थियों के खेल और शैक्षणिक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करता है और साथ ही नवाचार और महत्वपूर्ण सोच को प्रोत्साहन देने पर बल देता है जो विद्यार्थियों के जीवन की नींव को मजबूत करता है।

राष्ट्रपति महोदया ने कहा कि भविष्य के लिए पाठ्यक्रम तैयार करते समय सभी हितधारकों को विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक ज्ञान प्राप्त करें बल्कि जीवन कौशल भी सीखें। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि आने वाले समय में हर क्षेत्र में ऐसे लोगों की मांग होगी जो न केवल तकनीकी रूप से कुशल हों बल्कि भावनात्मक रूप से भी स्थिर हों और हर स्थिति और हर संकट का सामना करने में सक्षम हों।

राष्ट्रपति महोदया ने बच्चों को जीवन में कुछ जुनून रखने का परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे काम के लिए समय निकालना चाहिए जिससे उन्हें प्रसन्नता और संतुष्टि प्राप्त हो। उस काम को करने से उन्हें जो सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी उससे आपकी दूसरे काम करने की क्षमता भी बढ़ेगी।

इससे पहले राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन ने कहा कि छात्रों को अवसरों को पहचानने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस बात का भी उल्लेख किया कि छात्रों को कक्षा से बाहर की गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह स्कूल नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को सच्ची भावना से लागू करने को अहमियत दे रहा है।

इस अवसर पर तेलंगाना के पंचायत राज मंत्री दनसारी अनुसुया, शिक्षा सचिव बर्रा वेंकटेसन और एचपीएस सोसाइटी के अध्यक्ष गस्टी जे. नोरिया तथा स्कूल के शिक्षक, छात्र और पूर्व छात्र भी उपस्थित थे।

111 Views
What do you think?

Leave a Reply