अनोखा तीर, हरदा। सोमवार रात सिटी कोतवाली थाने से महज १०० मीटर की दूरी पर एक मकान में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने घर में रखे जेवरात एवं नगदी पर हाथ साफ कर रफू चक्कर हो गए। बताया जा रहा है कि जेवरात एवं नगदी मिलाकर करीब पांच लाख रुपए की चोरी हुई है। शहर के संजय वार्ड में रहने वाली ताहिरा बानो उम्र 49 साल ने पुलिस को अपनी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार रात को परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। इस दौरान देर रात चोरों ने उनके घर पर धावा बोलकर घर की अलमारी में रखे जेवरात ओर १ लाख रुपए नगदी चुरा ले गए। उन्होंने बताया कि सुबह जब वे नमाज पढ़ने के लिए उठी तो देखा घर के बाहर से सभी कमरे बंद थे। वहीं जिस कमरे में अलमारी रखी थी वहां जाकर देखा तो सारा सामान फैला हुआ था। वहीं अलमारी में रखी ज्वेलरी एवं नगदी गायब थे। उन्होंने बताया कि चोरों ने ज्वेलरी निकालने के बाद उनकी डिब्बियों को घर के ऊपर फेंक गए। उन्होंने बताया कि इसी महीने आगामी 27 अक्टूबर को बेटे का निकाह होना है। जिसको लेकर गहने खरीदे थे। वहीं अन्य कामों के लिए एक लाख रुपए नगदी घर में रखे थे। उन्होंने बताया कि घर के ऊपरी हिस्से में उनके जेठ भी रहते है चोरों ने उनके कमरे को बाहर से बंद कर दिया था। चोरी की घटना के बाद डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा है। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सिटी कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ मंगलवार दोपहर को धारा 457,380 का मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब रहे कि शहर के नया बस स्टैंड के पास भी बीते कुछ महीनों पहले एक बुजुर्ग महिला को घर में बंदी बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिसके आरोपियों को पुलिस अब तक नहीं पकड़ पाई है।
Views Today: 4
Total Views: 190

