अनोखा तीर, हरदा। जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम टेमरूबहार में शनिवार दोपहर एक सोलह वर्षीय बालक को जहरीले सांप ने डंस लिया। जिसकी उपचार के लिए जिला अस्पताल लाने से पहले ही मौत हो गई। पुलिस ने मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम टेमरूबहार में रहने वाले बलराम मंडलोई का सबसे छोटा बेटा प्रेम प्रकाश उम्र 16 साल गांव से करीब आधा किमी दूर अपने खेत पर फसल की रखवाली कर रहा था। इस दौरान उसे खेत में जहरीली सांप ने डंस लिया। मृतक प्रेमप्रकाश के पिता बलराम ने बताया कि बेटे ने जहरीले सांप के डंसने की जानकारी उन्हें मोबाइल पर दी। जिसके बाद उन्होंने खेत पर जाकर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ला रहे थे। इस दौरान उसकी बीच रास्ते में ही मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया जा रहा है। बताया जा रहा कि मृतक पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था, जो गांव के स्कूल में दसवीं क्लास की पढ़ाई कर रहा था। पिता ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई के अलावा खेल गतिविधियों में सक्रिय था।



