विरोध भरा शनिवार…. हड़ताल पर सफाई कर्मी, हालात बेपटरी

 

अनोखा तीर, हरदा। चुनावी साल में कर्मचारियों की हड़ताल ने शासन-प्रशासन को गहरी चिंता में डाल रखा है। करीब एक महिना चली पटवारियों की हड़ताल खत्म हुई तो नपा में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। जिसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है, वहीं आम जनमानस का बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका के सफाई कर्मचारी अपनी प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर हैं। प्रदेश संगठन की अगुवाई में सफाई कर्मचारी हड़ताल का रूख कर चुके हैं। जिस वजह से शहर की स्वच्छता व्यवस्था पटरी से उतर गई है, वहीं जगह-जगह गंदगी के ढेर लोगों के लिये दुखदायी साबित हो रहे हैं। इन सबके बीच सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को मुख्यालय पर रैली निकाली। इस दौरान हाथों में झाडू थामे सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान नपा में विपक्ष के सदस्यों ने सफाई कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन कर उनकी मांगों को जायज ठहराया है। इस मौके पर सफाई कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी समेत सभी सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।

 कर्मचारियों ने भरी हुंकार

अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष वीरेन्द्र गौहर ने कहा कि प्रदेश संगठन के आहवान पर सभी जिलों में सफाईकर्मियों की हड़ताल जारी है। इस दौरान कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को उठाया गया है, ताकि उनका समाधान हो सके। गौहर ने बताया कि हड़ताल में हरदा नगर पालिका के सभी कर्मचारी शामिल हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सफाई कर्मचारियों ने नपा से एक रैली भी निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी। इस दौरान महिला एवं पुरूष कर्मचारी अपने हाथों में झाडू लेकर चल रहे थे। इस बीच रैली मार्ग पर कांग्रेस पार्षदों ने कर्मचारियों की हिम्मत बढ़ाने का काम किया। यहां बताना होगा कि कर्मचारियों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था पर बुरा असर हुआ है।

Views Today: 2

Total Views: 20

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!